हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए।
हिसार/अग्रोहा। बरवाला-अग्रोहा मार्ग पर शुक्रवार दोपहर बालक चौपटा के पास ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में एक कार पीछे से भिड़ गई। हादसा इतना भीषण था कि कार सवार महिला समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक महिला सहित तीन लोग गंभीर घायल हैं। इन्हें अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। मृतक भिवानी जिले के गांव बड़वा के रहने वाले थे। पुलिस ने दोनों शवों को मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में रखवाया है। पोस्टमार्टम शनिवार को कराया जाएगा।
अग्रोहा थाने से जांच अधिकारी संजय कुमार के मुताबिक मेडिकल कॉलेज में उपचाराधीन बड़वा निवासी रामरती ने रिपोर्ट में बताया कि शुक्रवार सुबह उसके पिता का निधन हो गया था। वह अपने ससुर ताराचंद (73), देवरानी कविता (35), रमेश (30) और चिराग (21) के साथ कार में अंतिम संस्कार में शामिल होने गांव नहला गई थी। दोपहर करीब दो बजे वापसी के दौरान बालक चौपटा के पास कार आगे चल रही ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में भिड़ गई। इससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग गंभीर घायल हो गए। सूचना मिलने पर अग्रोहा थाने से पुलिस मौके पर पहुंची। राहगीरों की मदद से कार को काटकर उसमें फंसे घायलों को बाहर निकाला और अग्रोहा मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने कार चालक चिराग और कविता को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद से ट्रैक्टर चालक का सुराग नहीं है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।