हिसार। हिसार से मंगाली तक की सड़क को फोरलेन करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने 68 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है। जल्द ही इस रोड के लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू होगी।
हिसार से मंगाली तक करीब 10 किलोमीटर लंबी सड़क को चौड़ा किया जाएगा। सड़क को दोनों तरफ 7.5-7.5 मीटर चौड़ा किया जाएगा। अभी नगर निगम के दायरे में गांव कैमरी की ओर करीब 2.7 किलोमीटर तक सड़क फोरलेन है। लगभग 8 किलोमीटर लंबी सड़क को फोरलेन किया जाना है। इस सड़क के बनने से कैमरी, गांधी नगर, मंगाली झारा, भर्री, डाया, हरिता, बाड्या ब्राह्मणान, बाड्या जाटयान, स्याहड़वा के लोगों को फायदा होगा।
मंगाली गांव को हिसार से जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग के फोरलेन निर्माण के लिए बजट एस्टीमेट तैयार किए जाने पर गांव कैमरी, मंगाली के लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर गंगवा से मिला। ग्रामवासियों, पंचायत प्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मंत्री रणबीर सिंह गंगवा, नलवा विधायक रणधीर पनिहार का आभार जताया।
प्रतिनिधिमंडल ने अनुरोध किया कि एस्टीमेट को शीघ्र स्वीकृति दिलवाने और निर्माण कार्य जल्द शुरू करवाने कराएं। इस अवसर पर बलवंत जोगी, जगदीश चंद्र, हरिकोट, राजेंद्र धायल, अनिल भांभू सहित अन्य शामिल रहे। ग्रामीणों ने कहा कि इस फोरलेन सड़क के निर्माण से यातायात सुविधाओं में सुधार होगा। आवागमन में तेजी आएगी और क्षेत्र की आर्थिक व सामाजिक गतिविधियों को व्यापक प्रोत्साहन मिलेगा। यह परियोजना सरकार की ग्रामीण विकास और आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है। इस सड़क के निर्माण से हिसार शहर का भी विस्तार होगा।