हिसार। शहर बेसहारा पशु ने एक और जान ले ली। आर्यनगर-पातन मार्ग पर जा रहे बाइक चालक के आगे अचानक एक गोवंश आ गया। चालक सीधे उससे टकराया और पशु का सींग उसके दिल के पार हो गया। गंभीर हालत में युवक को निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां उपचार के दौरान सोमवार शाम उसकी मौत हो गई।
आजाद नगर थाना पुलिस के अनुसार राजस्थान के हनुमानगढ़ निवासी युवक योगेंद्र (21) फिलहाल गांव आर्य नगर में रह रहा था। वह हिसार में एक कंपनी में काम करता था। रविवार शाम बाइक से आर्य नगर जा रहा था। पातन रोड पर आर्य नगर के पास पहुंचा तो रोड पर अचानक से एक गोवंश दौड़ता हुआ उसके सामने आ गया। योगेंद्र कुछ समझ पाता, इससे पहले ही वह पशु से सीधे टकरा गया। वहां से गुजर रहे लोगों ने उसके परिजनों को सूचना दी। जांच अधिकारी दलबीर सिंह ने बताया कि मंगलवार को पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। ब्यूरो