फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: 510 एजेंडों का वार, जवाबदेही की दरकार

विज्ञापन
विज्ञापन
हिसार। शहर की जनसमस्याओं और विकास कार्यों को लेकर 22 अक्तूबर को प्रस्तावित नगर निगम की हाउस बैठक में अधिकारियों को पार्षदों के तीखे सवालों का सामना करना पड़ सकता है। बैठक के लिए अब तक 510 एजेंडे तैयार किए गए हैं। इनमें सबसे अधिक 249 एजेंडे नगर निगम से संबंधित हैं।
विज्ञापन

सफाई व्यवस्था, अवैध निर्माण, सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट और प्रॉपर्टी आईडी जैसे मुद्दों पर पार्षद अधिकारियों से जवाब मांगेंगे। मेयर प्रवीण पोपली बैठक से पहले पार्षदों के साथ चर्चा करेंगे। इस बार पार्षदों को अपने वार्ड की समस्याएं रखने के लिए पूरा समय दिया जाएगा। पिछली बैठक में बोलने के लिए समय निर्धारित किए जाने पर पार्षदों ने आपत्ति जताई थी।
पेयजल आपूर्ति और सीवर संबंधी शिकायतें भी उठाएंगे पार्षद
नगर निगम के बाद जनस्वास्थ्य विभाग से जुड़े सबसे अधिक 63 एजेंडे हैं। इनमें स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति, सीवरेज ओवरफ्लो और गंदे पानी की निकासी जैसे मुद्दे शामिल हैं। बिजली आपूर्ति, जर्जर तारों, ट्रांसफार्मर बदलने और अघोषित बिजली कटों से संबंधित बिजली निगम के 46 एजेंडे रखे जाएंगे। वहीं, सेक्टरों के विकास, बुनियादी ढांचे और प्रशासनिक अड़चनों को लेकर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के 44 एजेंडों पर चर्चा होगी।
विज्ञापन

लोक निर्माण विभाग के 17, पुलिस के 16 एजेंडे
सड़कों के बुनियादी ढांचे से संबंधित लोक निर्माण विभाग के 17 और कानून-व्यवस्था व यातायात प्रबंधन से जुड़े पुलिस प्रशासन के 16 एजेंडे बैठक में रखे जाएंगे। पर्यावरण और पौधरोपण की समीक्षा के लिए वन विभाग के 14, महिला सशक्तिकरण और आंगनबाड़ी व्यवस्था से संबंधित महिला एवं बाल विकास विभाग के 13 तथा बुजुर्गों व जरूरतमंदों की पेंशन और कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े समाज कल्याण विभाग के 11 एजेंडे शामिल हैं। स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित स्वास्थ्य विभाग के आठ और राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण व मरम्मत कार्यों की समीक्षा के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के छह एजेंडों पर चर्चा होगी।
वार्ड 12 के पार्षद उठाएंगे ठेकेदार के काम में अनियमितताओं का मुद्दा
वार्ड 12 के पार्षद जगमोहन मित्तल जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यों में अनियमितताओं का मुद्दा उठाएंगे। उनके अनुसार, हिसार मेटल से जिंदल मॉडर्न स्कूल रोड तक लाइन डालने वाले ठेकेदार ने जगह-जगह सड़क खोदकर छोड़ दी है। इससे आम लोगों को परेशानी हो रही है। वह मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जहां लाइन डाली जा चुकी है, वहां सड़क की तुरंत मरम्मत कराने की मांग करेंगे। मित्तल ने कहा कि सीवरों की सफाई के लिए जारी टेंडरों का काम भी धरातल पर पूरा नहीं हुआ है। ठेकेदार कुछ सीवरों की आंशिक सफाई कर काम बीच में ही छोड़ देते हैं। उन्होंने इस मामले में उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषी अधिकारियों व ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाने की बात कही।
ग्रीन बेल्ट और पार्किंग में अवैध कब्जों का मुद्दा उठाएंगे अरोड़ा
वार्ड 17 के पार्षद राजेश अरोड़ा ने कहा कि उनके वार्ड की सेक्टर-15 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी और डिफेंस कॉलोनी में एचएसवीपी की सड़कों, ग्रीन बेल्ट, पार्किंग और खाली जगहों पर लगातार अवैध कब्जे हो रहे हैं। इन्हें हटाने के लिए एचएसवीपी प्रशासन ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की है। वह बैठक में इन मुद्दों को उठाएंगे।
वार्ड में सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने की मांग करेंगे सैनी
वार्ड 4 के पार्षद हरिसिंह सैनी ने कहा कि उनके वार्ड में सफाई कर्मचारियों की संख्या कम होने के कारण व्यवस्था प्रभावित हो रही है। वह कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने की मांग रखेंगे। इसके अलावा डॉक्टर गुलाटी वाली गली से सब्जी मंडी चौक तक पुरानी ड्रेन की 30 साल से सफाई नहीं होने का मुद्दा भी उठाएंगे।
शहर के कई प्रोजेक्टों पर जवाब मांगेंगे महाजन
वार्ड 5 के पार्षद भीम महाजन ने बताया कि वह डेयरियों को शिफ्ट करने का काम रुकने का कारण पूछेंगे। इसके अलावा स्लॉटर हाउस, नए स्ट्रीट वेंडिंग जोन, शहर में खाली पड़े प्लॉटों की सफाई के लिए नोटिस जारी करने और रोड स्वीपिंग के लिए क्षेत्र के अनुसार सफाई कर्मचारियों का शेड्यूल बनाने की मांग उठाएंगे।

हाउस की बैठक के लिए पार्षदों की ओर से अब तक 500 से ज्यादा एजेंडे जमा करवाए गए हैं। इन पर अधिकारियों से विस्तार से जवाब मांगा जाएगा। इस बार सभी पार्षदों को अपनी बात रखने के लिए पूरा समय दिया जाएगा।
विज्ञापन

- प्रवीण पोपली, मेयर, नगर निगम हिसार
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें