हिसार। जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन की ओर से मंगलवार को जिम खाना क्लब में 20वीं जिला स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें जूनियर और सीनियर वर्ग में कई रोचक मुकाबले हुए। प्रतियोगिता का शुभारंभ एसडीएम डा. जेके आभीर ने किया। अध्यक्षता समाजसेवी जोगेंद्र सिंह काहलो ने की। प्रतियोगिता के समापन पर राज्यसभा सांसद रणबीर सिंह गंगवा ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। समापन समारोह की अध्यक्षता लायंस क्लब के पूर्व गवर्नर केएल खट्टर ने की। प्रतियोगिता को विभिन्न वर्गों में विभाजित किया गया था।
प्रतियोगिता के अंडर-10 आयुवर्ग में अजय कुमार विजेता रहे। इस वर्ग में प्रद्युमन ने रनरअप का खिताब अपने नाम किया। अंडर-12 आयुवर्ग में अशोक विजेता, मोहित रनर अप रहे। प्रतियोगिता के अंडर-15 आयुवर्ग में लड़कों के मुकाबलों में रोबिन, चैतन्य ने विजेता और रनर अप का खिताब अपने नाम किया। लड़कियों के मुकाबले में भावना विजेता और भारती रनर अप रही। अंडर-18 आयुवर्ग में सचिन, सुनीता अपने अपने वर्ग के विजेता रहे। यश और दीप्ति ने रनर अप का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता के अंडर-21 वर्ष आयुवर्ग में अक्षित, शीतल विजेता और यश, सपना रनर अप रहे। इस मौके पर टेबल टेनिस एसोसिएशन के प्रधान मुकेश सेठी, सचिव हरीश शर्मा, विजेंद्र गोस्वामी, प्रदीप मेहता, बलवंत सिंह, जितेंद्र मलिक और डॉ. केवी सिंह सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।