फतेहाबाद। शहर में बढ़ रही गुंडागर्दी के विरोध में सोमवार को विभिन्न सामाजिक संगठनाें के सदस्यों ने 37 सदस्यीय एक संघर्ष समिति का गठन किया। संघर्ष समिति के नेतृत्व में लोग सचिवालय पहुंचे और उपायुक्त डा. साकेत कुमार व पुलिस अधीक्षक विकास धनखड़ से मिले। प्रदर्शनकारियाें ने प्रशासन से मांग की कि इन दिनों में बदमाश प्रवृति के कुछ लोग जमीनाें पर कब्जा कर रहे हैं उन पर नकेल कसी जाए।
30 मार्च को चार मरला कॉलोनी में कुछ लोगाें ने एक प्लाट पर कब्जा करने की कोशिश की थी। इससे पूर्व भी शहर में कई जगहों पर कब्जे की कोशिश हो चुकी है। इसी के चलते शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने सोमवार को अरोड़वंश धर्मशाला में एक बैठक आयोजित कर शरारती तत्वों के विरुद्ध कड़ाई से लड़ाई लड़ने का निर्णय लिया और एक संघर्ष समिति का गठन किया। इसके बाद संघर्ष समिति के नेतृत्व में जिला परिषद के वाइस चेयरमैन दीपक भिरड़ाना, हजकां नेता राजेंद्र चौधरी, सतपाल अरोड़ा, पंजाबी सभा अस्पताल के प्रोजेक्ट चेयरमैन चंद्रभान मुंजाल, पंचनद समिति के जिला प्रधान दर्शन नागपाल, अरोड़वंश महासभा के प्रधान मदन ग्रोवर व सचिव शंटी मोंगा, पंजाब मित्र मंडल के प्रधान राजकुमार जिंदल, समाजसेवी लीलाकृष्ण, दीपू टूटेजा, बसंत रुखाया, बिंटू टूटेजा, हंसराज कटारिया, डा. मनोहर मेहता, राजकुमार कटारिया प्रदर्शन करते हुए सचिवालय पहुंचे और उपायुक्त डा. साकेत कुमार व पुलिस अधीक्षक विकास धनखड़ से मुलाकात की। उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि कोई भी ऐसा मामला होने पर उन्हें तुरंत मामले की जानकारी दी जाए, प्रशासन इन मामलों में तुरंत कार्रवाई करेगा।