जींद। भिवानी रोड स्थित अजमेर बस्ती में सोमवार सुबह गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से मकान ध्वस्त हो गया जबकि परिवार के लोग सुरक्षित बच गए। इस दौरान मकान के अंदर रखा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। घटना की सूचना पाकर शहर थाना पुलिस तथा फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार अजमेर बस्ती निवासी हरिचंद की पत्नी संतोष सोमवार सुबह अपने मंदबुद्धि बेटे ईश्वर के लिए गैस चूल्हे पर चाय बना रही थी। संतोष ने जैसे ही तीली जलायी तो आग मकान के अगले हिस्से में फैल गई। जिसके चलते संतोष अपने बेटे ईश्वर सहित बाहर निकल आई और शोर मचाया। कुछ ही क्षण में मकान धूंधूं कर जलने लगा। पड़ोसियों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की लेकिन आग लगातार फैलती चली गई। कुछ देर के बाद जोरदार धमाके के साथ गैस सिलेंडर फट गया, जिससे मकान की छत के परखच्चे उड़ गए और पूरा मकान मलबे में तबदील हो गया। घटना की सूचना पाकर पुलिस तथा फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाया। संतोष ने बताया कि जब वह गैस चूल्हे को जला रही थी तो हलकी गंद आ रही थी। लेकिन तीली के जलाते ही मकान में आग फैल गई। आगजनी में घर का पूरा सामान जलकर राख हो गया।