जींद। गांव ईगराह के पास जींद-भिवानी मार्ग पर सोमवार सुबह श्रद्धालुओं से भरी मैक्सी कैब और स्कूल बस के बीच हुई भिड़ंत में सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई। जबकि छात्रों सहित दो दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। श्रद्धालु गांव पिंडारा से सोमवती अमावस्या पर स्नान कर भिवानी की तरफ जा रहे थे। जबकि स्कूल बस गांव ईगराह से जींद की तरफ लौट रही थी। दस घायल श्रद्धालुओं की पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। जबकि छात्रों को प्राथमिक उपचार देकर छुट्टी दे दी गई। मृतक भिवानी, महेंद्रगढ़ और राजस्थान के रहने वाले हैं। हादसे की सूचना पाकर एसपी सौरभ सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया। जबकि डीएसपी ओमसिंह बल्हारा ने सामान्य अस्पताल पहुंचकर बचाव कार्याें का जायजा लिया। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
गांव नांदा (भिवानी) के श्रद्धालु मैक्सी कैब से सोमवती अमावस्या पर स्नान करने पिंडारा आए थे। सोमवार अल सुबह श्रद्धालु स्नान कर वापस गांव लौट रहे थे। गांव ईगराह के पास मैक्सी कैब की टक्कर सामने से आ रही एसडी सीनियर स्कूल घिमाना की बस से हो गई। जिसमें गांव नांदा निवासी श्रद्धालु संतरा देवी (60), उसके बेटे संदीप (30), सरोज (52), गांव हंसवास कलां निवासी कर्णसिंह (45) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गांव नांदा निवासी भतेरी, प्रभाती देवी, कृष्णा देवी, अंकित, सचिन, जतिन, गांव श्यामपुर महेंद्रगढ़ निवासी प्रवीण, मंजू देवी, कुनाल, प्रवीण, रामप्यारी, गांव साही झूंझनू राजस्थान निवासी बिमला, रणबीर घायल हो गए। हादसे से बस में सवार एसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल घिमाना की छात्रा गांव कागसर निवासी ज्योति, पुष्पा, पूजा, पिंकी, कोमल, सतीश, गांव ईगराह निवासी सोनिया और बस चालक वकील घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को सामान्य अस्पताल पहुंचाया और घटना की सूचना पुलिस को दी। अस्पताल में चिकित्सकों ने मैक्सी कैब सवार 12 श्रद्धालुओं और एक छात्रा भारती की हालत गंभीर देख पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान गांव श्यामपुरा निवासी मंजू, कुनाल, गांव साही निवासी रामप्यारी की मौत हो गई। घटना के बाद मैक्सी कैब चालक गांव नांदा निवासी धर्मेंद्र फरार हो गया। गांव नांदा के सरपंच इंद्र सिंह ने बताया कि मृतकों में चार गांव नांदा से संबंधित हैं। जबकि तीन श्यामपुर, महेंद्रगढ़ के रहने वाले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बस चालक की लापरवाही के कारण हादसा हुआ है। जांच अधिकारी भीम सिंह ने बताया कि मृतकों के अभिभावकों की शिकायत पर मैक्सी कैब और बस को कब्जे में फरार स्कूल बस चालक वकील के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।