तलवंडी राणा के एक व्यक्ति की बृहस्पतिवार देर शाम ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत हो गई। पीड़ित के परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे और आरोपी चालक पर कार्रवाई की मांग को लेकर शुक्रवार सुबह नेशनल हाईवे 65 हिसार-चंडीगढ़ पर जाम लगा दिया। गुस्साए ग्रामीणों ने गांव तलवंडी के पास हिसार-चंडीगढ़ राजमार्ग पर शव रखकर जाम लगाया और नारेबाजी की।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार देर शाम गांव तलवंडी राणा निवासी ट्रैक्टर ड्राइवर रामफल उर्फ खंडू ट्रैक्टर लेकर गांव की ओर आ रहा था। इस दौरान गांव का ही निवासी बलराज ट्रैक्टर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। बलराज को अस्पताल में ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। शुक्रवार सुबह बलराज के परिजन और अन्य ग्रामीणों ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को गांव के बाहर नेशनल हाईवे 65 पर रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीणाें ने आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस ने न तो ट्रैक्टर को इंपाउंड किया और न ही आरोपी ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार किया।
जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधिकारी जिले सिंह मौके पर पहुंचे। भीड़ से जाम खोलने की अपील की तो उन्होंने जाम खोलने से इंकार कर दिया। इस पर जांच अधिकारी ने सदर इंचार्ज कमल सिंह को इसकी जानकारी दी। एसएचओ कमल सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपी को काबू करने और ट्रैक्टर इंपाउंड करने के लिए जनता से दो घंटे का समय मांगा। मौके पर ट्रैक्टर चालक के परिवार के एक सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आक्रोशित ग्रामीण इस पर भी नहीं माने।
भीड़ ने प्रशासन के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाते रहे। वहीं महिलाओं ने कहा कि मृतक के परिवार को डीसी एक नौकरी देने की बात करे तो ही जाकर जाम खोला जाएगा। सदर एसएचओ ने महिलाओं से अनुरोध किया कि वह ग्रामीणों का हर स्तर पर सहयोग करेंगे। इसके लिए एसएचओ सदर कमल सिंह ब्लैंक पेपर पर मेरे हस्ताक्षर करवा लो। आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि मृतक बलबीर के घर में अब कोई कमाने वाला नहीं है। उसकी पांच बेटियां हैं। उसके परिवार को पालने के लिए बलबीर की पत्नी को सरकारी नौकरी दी जाए। इसके अलावा सरकार की ओर से मुआवजा भी दिलाया जाए।
दोपहर एक बजे से लेकर तीन बजे तक करीब दो घंटे हिसार से बरवाला, उकलाना, कैथल, नरवाना, कुरुक्षेत्र, अंबाला, चंडीगढ़ की ओर जाने वाले वाहन चालक जाम में फंसे रहे, जिसमें छोटे बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग गर्मी से बेहाल होते रहे।