अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
धुंध और घने कोहरे के कारण अलग-अलग स्थानों पर छह वाहनों में टक्कर हो गई। हादसों में तीन लोगों की जान चली गई और एक गंभीर घायल हो गया। शहर से बाहर के एरिया में धुंध घनी थी। दिल्ली रोड पर भानु इंडस्ट्रीज के पास, रामायण टोल और राजगढ़ रोड पर कोर्ट के पास धुंध के कारण छह वाहनों की टक्कर हुई। पुलिस ने इन मामलों की जांच शुरू कर दी है।
हादसा एक : कार ने पीछे से बाइक में टक्कर मारी
पहला हादसा दिल्ली रोड पर भानु इंडस्ट्रीज के पास सोमवार सुबह पौने नौ बजे हुआ। एक कार ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार शिवनगर निवासी 64 वर्षीय भुजारत राम और कार का चालक घायल हो गए। दोनों को एक गाड़ी में सिविल अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां भुजारत राम को मृत घोषित कर दिया गया। वह सेक्टर 27-28 की एक फैक्ट्री में जॉब करता था।
हादसा दो : अज्ञात वाहन बाइक को टक्कर मारकर फरार
दूसरा हादसा राजगढ़ रोड पर सेक्टर-15 के मोड़ के पास पेट्रोल पंप के सामने हुआ। हादसे में आजाद नगर निवासी 19 वर्षीय संजय कुुमार की मौत हो गई। संजय स्कूल बस पर कंडक्टर था। वह पार्ट टाइम डीजे सेट पर काम करता था। न्यू ईयर सेलिब्रेशन पार्टी में वह डीजे से संबंधित काम पर जा रहा था। परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि खाना खाने के बाद वह बाइक लेकर घर से निकाला था। फव्वारा चौक की तरफ जाते समय अज्ञात वाहन चालक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। किसी अज्ञात के फोन करने पर एक एंबुलेंस में कर्मी गंभीर रूप से घायल संजय को सिविल अस्पताल में ले गए। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
तीसरा तीन : बिना डिपर और इंडीकेटर के कैंटर मोड़ने भिड़ी बाइक
तीसरा हादसा हिसार-हांसी मार्ग पर टोल प्लाजा के पास हुआ। एचएयू के सिक्योरिटी गार्ड एवं रिटायर्ड फौजी की बाइक धुंध के कारण आगे जा रहे टैंकर में जा लगी। टैंकर वाले ने बिना डिपर और इंडीकेटर दिए दिल्ली की तरफ जाते समय बायीं तरफ गाड़ी उतार ली। इसके कारण हादसा हो गया। इस हादसे में बाइक सवार रामायण निवासी 46 वर्षीय राजकुमार की मौत हो गई। हादसा सुबह करीब साढे़ छह बजे हुआ। उस समय घनी धुंध थी। राजकुमार एचएयू से सुबह छह बजे ड्यूटी समाप्त कर बाइक पर गांव जा रहा था। इस हादसे में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल में कराया। पुलिस ने तीनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
संजय कुमार स्कूल बस में कंडक्टर था। वह पार्ट टाइम डीजे सेट पर भी काम करता था। परिजनों ने बताया कि वह खाना खाने के बाद घर से फव्वारा चौक की तरफ बाइक पर निकला था। जाते समय किसी वाहन ने टक्कर मार दी। -दिनेश कुमार एएसआई, चौकी कोर्ट कांप्लेक्स