अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
एसआईटी ने मासूम के साथ दरिंदगी के आरोपी 19 वर्षीय सोमपाल को शुक्रवार सुबह घटनास्थल पर ले जाकर क्राइम सीन रिक्रियेट किया। जिसमें अपराध करने की घटना को उसी तरह से दोहराया गया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के रिमांड पर भेज दिया गया।
एसआईटी इंचार्ज डीएसपी जयपाल सिंह टीम समेत आरोपी सोमपाल को उकलाना में उस जगह पर ले गए। जहां बच्ची से शर्मनाक हरकत हुई थी। पुलिस ने उससे पूछताछ भी की। आरोपी ने पुलिस कर्मियों के आगे चलते-चलते पूरी घटना को उसी तरह से दिखाया। जिसमें बताया कि उसने बच्ची को कहां दबोचा था। उसके बाद वह गली में आगे बढ़ा और बताया कि उसने यहां बच्ची से गलत काम किया था। फिर उसने कुछ दूरी पर चलकर पैर से इशारा करते हुए बताया कि यहां से एक लकड़ी उठाकर बेहद शर्मनाक हरकत की थी। जिससे बच्ची लहूलुुहान हो गई थी। बच्ची बेहोश होने पर वह फरार हो गया था। फिर उसकी मौत हो गई थी।
स्मैक नशेड़ी है आरोपी
पुलिस सूत्रों की मानें तो सोमपाल ने अपराध की साजिश कई दिन पहले रच ली थी। स्मैक के नशे का आदी है। उसने बच्ची को कई बार टॉफी दी थी। जिससे बच्ची उस पर विश्वास करने लगी थी। घटना वाली रात करीब 12 बजे छत पर ऊंची आवाज में सोमपाल ने डेक बजाया था। वह नीचे उतरकर गली में आया था। बच्ची की मां बाहर आई थी और आरोपी को देखकर अंदर चली गई थी। उसे नींद आ गई थी। सोमपाल का मानना था कि डेक पर तेज गाने बजने पर मासूम को नींद में खलल होगा। कुछ देर बाद बच्ची झुग्गी से बाहर निकली तो सोमपाल ने उसे दबोच लिया था और पास में उससे गलत काम किया था। फिर उसने कुछ दूरी पर पड़ी एक लकड़ी उठाई थी और बच्ची के संवेदनशील अंगों में डाल दी थी। परिजनों को 9 दिसंबर की सुबह गली में बच्ची का शव मिला था। उकलाना थाना पुलिस ने इस संबंध में हत्या और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया था।
पुलिस मीडिया से छिपाती रही आरोपी को
एसआईटी इंचार्ज डीएसपी जयपाल सिंह टीम सदस्यों के साथ आरोपी सोमपाल को सिविल अस्पताल में लाए थे। पुलिस चाहती थी कि मीडिया कर्मी आरोपी की फोटो न खींचे। इसलिए पुलिस कर्मी गुपचुप तरीके से आरोपी को गाड़ी में अस्पताल के पिछली तरफ लाए। वहां से उसे सीएमओ ऑफिस लाया गया। तब तक मीडिया कर्मी अस्पताल परिसर में पुलिस द्वारा आरोपी को लाने का इंतजार कर रहे थे। तभी सादे लिबास में अकेेला पुलिस कर्मी अस्पताल की पार्क की ग्रिल के ऊपर से उतारकर आरोपी को लाने लगा। मीडिया कर्मियों को इसकी भनक लग गई और वे आरोपी की फोटो लेने दौड़े। काफी पुलिस कर्मी दौड़कर आरोपी के पास पहुंचे और उसे घेरे में लेकर शॉल ओढ़ा दिया।
भारी संख्या में पुलिस तैनात थी
पुलिस आरोपी को मेडिकल कराने के लिए सिविल अस्पताल में लाने वाली थी। एसआईटी इंचार्ज डीएसपी जयपाल सिंह के अलावा वहां उकलाना थाना एचएचओ संदीप कुमार, सीआईए इंचार्ज इंस्पेक्टर कप्तान सिंह, एसपी सिक्योरिटी शाखा इंचार्ज अमरजीत सिंह, नई अनाज मंडी चौकी प्रभारी कृष्णलाल, बस अड्डा चौकी प्रभारी सूरजभान और भारी संख्या में पुलिस व सीआईडी कर्मी मौजूद थे।
आरोपी को भेजा एक दिन के रिमांड पर
पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार को न्यायिक दंडाधिकारी तरन्नुम खान की अदालत में पेश किया। पुलिस ने आरोपी का दो दिन का रिमांड मांगते हुए कहा कि उससे गहराई से पूछताछ करनी है। अदालत ने पुलिस का तर्क सुनने के बाद उसका एक दिन का रिमांड मंजूर कर लिया। अब पुलिस आरोपी को शनिवार को कोर्ट में पेश करेगी।