अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
युवा कांग्रेस की जिला इकाई ने एचटेट की बढ़ी हुई फीस के खिलाफ शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा का पुतला फूंका जिसकी अध्यक्षता जिला अध्यक्ष आनंद जाखड़ ने की। प्रदर्शन प्रदेश महासचिव कृष्ण सातरोड़ के नेतृत्व में किया गया।
युवा कांग्रेस ने अपना विरोध प्रदर्शन कांग्रेस भवन से शुरू किया। नारे लगाते हुए फव्वारा चौक तक पहुंचे। फव्वारा चौक पर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिक्षा मंत्री का पुतला जलाया। प्रदेश महासचिव कृष्ण सातरोड़ ने कहा कि युवाओं को सरकार के खिलाफ सरकार के गलत फैसले का विरोध करना होगा। युवा कांग्रेस
सरकार को फीस वापस लेने के लिए मजबूर करेगी। जिला अध्यक्ष आनंद जाखड़ ने युवाओं में फीस वृद्धि को लेकर भारी गुस्सा है। सरकार ने एचटेट की फीस में तीन गुणा वृद्धि करके बेरोजगारों के साथ ज्यादती की है। इसे किसी भी कीमत पर सहन नहीं करेंगे। अगर बढ़ी फीस के फैसले को वापस नहीं लिया तो सीएम मनोहर लाल के आवास का घेराव किया जाएगा। भाजपा ने चुनाव से पूर्व 12 पास युवाओं को छह हजार रुपये व स्नातक पास युवाओं को 9 हजार रुपये भत्ता देने की बात कही थी। चुनाव जीतने के बाद ही भाजपा ने युवाओं से मुंह मोड़ लिया है।
प्रदर्शन में जिला महासचिव बिजेंद्र हुड्डा, नलवा प्रधान मनोज नैन, नलवा उपाध्यक्ष मनोज टाक, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष विकास टाक, हिसार महासचिव विकास यादव, हलका महासचिव नवीन शर्मा, हरीश भट्ट, धर्मबीर जाखड़, सचिन टाक, मुकेश मेहरा, रामनिवास जेवरा आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।