डेंगू से बचाव की जानकारी देने को निकाली जागरूकता रैली
अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक के निर्देश पर विभाग की टीम ने डेंगू के खिलाफ जागरूकता अभियान शुरू किया। टीम ने स्कूलों में जाकर बच्चों को जागरूक किया। स्कूली बच्चों के माध्यम से जागरूकता रैली निकाली।
प्रदेश में बहुद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारियों की कमी के कारण बढ़ रहे डेंगू के मामलों पर संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य महानिदेशक ने सभी सिविल सर्जन को पत्र जारी कर निर्देश दिए हैं कि मलेरिया विभाग के कर्मियों के संबंधित सर्वे और सोर्स रिडक्शन कार्यों के अतिरिक्त अन्य प्रकार की ड्यूटी ना लगाई जाए। आदेशों के अनुसार एमपीएचडब्ल्यू पुरुष, एमपीएचएस पुरुष, कीट संरक्षक, फील्ड वर्कर की ड्यूटी के अलावा अन्य ड्यूटी ना लगाने के सख्त निर्देश दिए हैं। बहुद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी एसोसिएशन के जिला सचिव नूर मोहम्मद ने बताया कि हिदायत दी गई हैं कि अपने जिले के स्कूली बच्चों के माध्यम से घर-घर जाकर जागरूकता रैली निकाली जाएंगी। डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया आदि मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों की रोकथाम-बचाव के तरीके बताए जाएंगे। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. जया गोयल के नेतृत्व में पटेल नगर के राजकीय उच्च विद्यालय में बच्चों को डेंगू और मलेरिया के विषय में जानकारी प्रदान की गई।
घर-घर जाकर बच्चों ने डेंगू से बचाव के टिप्स बताकर लोगों को जागरूक किया। इसमें कहा गया कि डेंगू एक सामान्य बुखार की भांति है। लक्षणों के आधार पर इलाज करवा सकते हैं। इस रोग के लिए कोई विशेष दवा या वैक्सीन नहीं होती।
ऐसे करें डेंगू की पहचान...
तेज सिर दर्द, मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द, आंखों के पिछले हिस्से में दर्द, जो आंखों को घुमाने से बढ़ता है। जी मिचलाना, उलटी आना डेंगू के लक्षणों में हैं। गंभीर मामलों में नाक, मुंह, मसूड़ों से खून आना, त्वचा पर चकते उभरना आदि हो सकते हैं।
घर पर रखी कोई दवा न लें
डेंगू के बारे लोगों में भय का माहौल नहीं बनने दें। लक्षण दिखाई देने पर उचित उपचार लें और भरपूर मात्रा में तरल पेय पदार्थों का सेवन करना चाहिए। घर पर रखी दर्द निवारक दवाओं का प्रयोग ना करें। बुखार उतारने के लिए केवल क्रॉसिन या पैरासिटामोल की गोली लें। इस अवसर पर नगर निगम के पार्षद डॉ. महेंद्र जुनेजा, स्कूल के मुख्य अध्यापक जसवंत सिंह, स्वास्थ्य निरीक्षक रमेश कुंडू, सुखबीर सिंह, स्वास्थ्य कार्यकर्ता सुनील शर्मा, आशीष, सौरभ, परमजीत, वेद प्रकाश सहित अध्यापक मौजूद रहे।