अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
बाईपास स्थित गुरु रविदास छात्रावास में खाने की शिकायत करने, हॉस्टल से छात्रों को जबरन रात को बाहर निकालने के मामले में जनवादी नौजवान सभा के नेतृत्व में छात्रों ने विरोधस्वरूप डीसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। छात्रों ने हॉस्टल मैनेजमेंट पर आरोप लगाए कि वार्डन ने छात्र संदीप की अपने साथियों के साथ मिलकर पिटाई की। इतना ही नहीं रात करीब 9 बजे 40 छात्रों को हॉस्टल से धक्के देकर बाहर निकाल दिया। वे रात को दो बजे तक हॉस्टल के बाहर गेट पर बैठे रहे। उन्होंने इस मामले की शिकायत की तो पुलिस ने उल्टा उन पर ही झूठी शिकायत देने का केस दर्ज कर धमकी देने लगी।
नौजवान सभा के जिला सचिव मुकेश दुर्जनपुर ने लघु सचिवालय में धरने पर बैठे छात्रों को संबोधित किया कि कबीर छात्रावास में रहने के लिए दो हजार रुपये प्रति माह फीस प्रत्येक छात्र जमा करवाता है, जबकि छात्रों को मैनेजमेंट की तरफ केवल 500 रुपये की रसीद दी जाती है। न ही कभी छात्रावास में अच्छा खाना दिया जाता है। गली-सड़ी सब्जियां कई दिनों तक पड़ी रहती हैं। वही सब्जियां छात्रों के खाने के लिए बनाई जाती हैं।
यह लगाया आरोप
छात्रों ने डीसी के समक्ष बताया कि छात्रावास के अंदर वार्डन शराब पीकर छात्रों को मानसिक रूप से परेशान करता है। छात्रावास के अंदर जितने भी छात्र रहते हैं,। उनकी सुरक्षा के लिए कोई ठोस पुख्ता प्रबंध नहीं हैं।
डीसी ने दिया आश्वासन, डीएसडब्ल्यू की लगाई ड्यूटी
छात्रों को डीसी ने उनकी समस्याओं के हल करवाने के लिए आश्वासन दिया है। डीसी ने डीएसडब्ल्यू की मामले का हल करवाने की ड्यूटी लगाई है। छात्रों ने कहा कि आरोपी वार्डन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। जिला नेता बजरंग घिराय, रूप सिंह, संदीप कुमार, मनदीप कुमार, राकेश कुमार, सुमित कुमार, बंटी, राहुल, राजेश, भारत सिंह, रवि, सत्यवान, आनंद, नितिन कुमार, रमन कुमार, सुनील कुमार, सुशील कुमार, नरेश कुमार, आदि छात्र शामिल रहे।