अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
कुरुक्षेत्र के सांसद राजकुमार सैनी ने कहा 26 नवंबर को पिछड़ा वर्ग के लिए फैसला लेंगे। पार्टी बनाने के बारे में समर्थक फैसला लेंगे। उन्होंने भाजपा पर हमला बोला कि भाजपा पिछड़ा वर्ग के अधिकार को सुरक्षित नहीं रख सकी। केवल घोषणा से कुछ नहीं होता।
लोकतंत्र सुरक्षा मंच की ओर से आयोजित प्रदेश स्तरीय युवा सम्मेलन का आयोजन मंगलवार को कुम्हार धर्मशाला में किया गया। बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे कुुरुक्षेत्र के सांसद राजकुमार सैनी ने कहा कि हमेशा से जनता के हितों की लड़ाई लड़ते आए हैं। तीन सरकारों के साथ रहे, लेकिन जब उन सरकारों ने अपने लोगों के हित की सोची तो उनको छोड़कर भाजपा का साथ दिया। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जींद में 26 नवंबर को आयोजित रैली में उमड़े लोग फैसला लेंगे। मंच की गठित कमेटी अगले तीन महीने में लोगों से दोबारा सुझाव लेकर अंतिम निर्णय करेगी। उन्होंने कहा कि यदि सरकार चाहे तो सभी समुदाय के लोगों को साथ लेकर चल सकती है। जनता ने उन्हें 2019 में समर्थन दिया तो साबित भी करके दिखाएंगे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि केवल फीता काटने से विकास नहीं होता। घोषणा पर काम होना जरूरी है। जब तक जनता खुश नहीं होगी, तब तक विकास के मायने नहीं। भाजपा सरकार को तीन साल में कितने नंबर के सवाल पर राजकुमार सैनी ने कहा कि मैं क्या नंबर दूं। चुनाव में जनता सभी को नंबर देगी। इस मौके पर हनुमान वर्मा, शकुंतला वर्मा सहित अन्य उपस्थित थे।