हरियाणा के ऊर्जा एवं जेल मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने कहा कि नवंबर माह तक प्रदेश के कृषि क्षेत्र को 9 हजार ट्यूबवेल कनेक्शन जारी किए जाएंगे। बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए प्रदेश के चार जिलों में स्मार्ट मीटरों की स्थापना का कार्य किया गया है और जेल में सुरक्षा व्यवस्था व प्रशासनिक ढांचे में सुधार किए गए हैं। वे बुधवार को पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में कार्यकर्ताओं से बातचीत कर रहे थे।
इससे पहले उन्होंने विश्राम गृह में जिले के लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके जल्द समाधान के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उनके सामने लगभग 300 शिकायतें रखी गईं, जिनमें बिजली विभाग सहित अन्य विभागों की समस्याएं भी शामिल थीं।
चौटाला ने कहा कि प्रदेश में किसानों की ओर से लगभग 9 हजार ट्यूबवेल कनेक्शन के लिए आवेदन किए गए थे, जिनमें से 4868 सबमर्सिबल कनेक्शन दे दिए गए हैं। अब थ्री स्टार मोटर्स के साथ 4200 नए ट्यूबवेल कनेक्शन दिए जाएंगे। यह कार्य नवंबर माह तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद आवेदन के लिए पोर्टल खोल दिया जाएगा जिससे किसानों को मांग के आधार पर कनेक्शन दिए जा सकें।
घाटे से मुनाफे में पहुंचा बिजली निगम
बिजली मंत्री ने कहा कि लाइनलोस 30 प्रतिशत से अधिक था, जो अब 17.4 प्रतिशत है। एक प्रतिशत लाइनलोस कम होने से सीधी 150 करोड़ रुपये की बचत होती है। उन्होंने कहा कि 33 हजार करोड़ रुपये घाटे वाला बिजली निगम आज 450 करोड़ रुपये मुनाफे में है। इसी प्रकार प्रदेश की जेलों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर एसडीएम राजेंद्र सिंह, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधीक्षक अभियंता राजेंद्र सिंह सभ्रवाल, संदीप यादव, एक्सईएन जीतराम, सतीश कुमार, अक्षय ऊर्जा विभाग के परियोजना निदेशक इंद्राज सिंह, सरपंच दीपचंद, पूर्व पार्षद पवन शर्मा, संजय कुंडू, सतबीर पेटवाड़ व बंटी सहरावत आदि उपस्थित थे।