फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अयोध्या में भूमिपूजन : घर-घर जलाए दीप, शंखनाद से गूंजे मंदिर

विज्ञापन
श्री सनातन धर्म हनुमान मंदिर नागोरी गेट में शंखनाद करता युवा। - फोटो : Hisar
विज्ञापन
हिसार। अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन की खुशी में बुधवार को शहर में दिवाली सा नजारा रहा। कहीं दीये जलाए गए तो कहीं लड्डू और प्रसाद बांटा गया तो कहीं-कहीं पटाखे भी छुड़ाए गए। शहर के लगभग सभी मंदिर और बाजारों को रंग-बिरंगी रोशनी से जगमग किया गया। धार्मिक सामाजिक संस्थाओं ने हवन किए। शहर में दोपहर बाद से भगवान श्रीरामचंद्र के जयकारों की गूंज सुनाई देने लगी।
विज्ञापन

दोपहर 12:20 बजे थे। नागोरी गेट स्थित सनातन धर्म हनुमान मंदिर के मुख्य द्वार पर शंखनाद के साथ स्वस्तिवाचन शुरू हुआ। मंदिर के अंदर से ढोल और घंटियों की आवाज सुनाई देने लगी। देखते-देखते वहां रामभक्तों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। हर कोई जय सिया राम के जयकारे लगा रहा था। 25 मिनट तक चले कार्यक्रम के बाद मंदिर में भगवान रामचंद्र की आरती की गई। सभी भक्तों को लड्डुओं का प्रसाद बांटा गया। इसके अलावा शहर के अन्य मंदिरों में भी भूमि पूजन के उपलक्ष्य में पूजा-अर्चना की गई। शाम को घर-घर दीपक जलाए गए और खुशियां मनाई।
नागोरी गेट पर ढोल-नगाड़ों पर लोग अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के लिए हुए भूमिपूजन की खुशियां मना रहे थे। वहां भगवान रामचंद्र की प्रतिमा की पूजा-अर्चना की गई। खुशी से लोग ढोल पर थिरकते नजर आए और खूब पटाखे फोड़े। हर कोई बोला आज दिवाली है। इस अवसर पर सनातन धर्म हनुमान मंदिर के प्रबंधक मधुसुधन गुप्ता, सचिव दयानंद बिंदल, संयुक्त सचिव बृजभूषण जैन सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
विज्ञापन

अखंड पाठ और सुंदरकांड का पाठ भी हुआ
सनातन धर्म हनुमान मंदिर में पंडितों द्वारा मंगलवार को श्रीराम चरितमानस का अखंड पाठ शुरू किया गया, जिसका बुधवार सुबह 10 बजे समापन हुआ। सवा 10 बजे सुंदरकांड का पाठ किया गया, जोकि दोपहर सवा 12 बजे तक चला। फिर मंदिर के मुख्य द्वार पर शंखनाद के साथ स्वस्तिवाचन किया गया।
मंदिरों और दुकानों को सजाया
शहर में जगह-जगह प्रसाद बांटा गया। दुकानों के बाहर जय श्री राम की ध्वजा लगाई गई। बिश्नोई मंदिर मार्केट, पारिजात चौक, राजगुरु मार्केट, तेलियान पुल मार्केट सहित अनेक बाजारों में दुकानों पर ध्वजा लगाई गई। वहीं, शहर के मंदिरों को रंग-बिरंगी लाइटों और लड़ियों से सजाया गया। रात के समय चमकती लाइटें लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही थीं। मंदिर के प्रांगण में भी विभिन्न तरह की लाइटें लगाई गईं। शहर के कई मंदिरों में शाम के समय दीपकों की दीपमाला बनाई गई। शहर में घरों में भी दीये लगाकर मंदिर निर्माण के लिए भूमिपूजन की खुशी मनाई गई।
रामलीला कमेटी कटला ने हवन किया
श्रीरामलीला कमेटी कटला की ओर से कटला मैदान स्थित मंदिर में हवन किया गया। कमेटी से जुड़े रामभक्तों ने हवन में आहुति डाली। सेवादार वीरभान बंसल ने बताया कि वर्षों की इंतजार व तपस्या के बाद आज राम मंदिर बनने का सपना साकार होता दिख रहा है। इस अवसर पर मनोज बुड़ाकिया, बजरंग सिंगल, राजकुमार जैन, राजेश शर्मा, सुशील गोयल, अशोक, तिलक जैन, जगदीश तायल, रमेश लोहिया, प्रवीन सिंगल, प्रेम कश्यप आदि उपस्थित रहे।
हिसार का बिदानी परिवार ले चुुका है राम मंदिर निर्माण आंदोलन में भाग
अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के भूमि पूजन के साथ ही जहां देश में जश्न का माहौल है, वहीं हिसार भी इससे अछूता नहीं है। हिसार का बिदानी परिवार भी राम मंदिर निर्माण आंदोलन से अछूता नहीं है। डॉ. योगेश बिदानी के पिता स्व. डॉ. सूरजप्रकाश बिदानी राम मंदिर आंदोलन में भाग ले चुके हैं। वर्ष 1991 में राम मंदिर आंदोलन के दौरान आई ईंट सिर पर रखकर स्व. डॉ. सूरजप्रकाश बिदानी हिसार में भी आंदोलन चला चुके हैं। दूसरी ओर आंदोलनों में कार सेवा करने वाले कार सेवकों को स्वामी विवेकानंद भवन में सम्मानित किया गया।
गांधी चौक बाजार में लड्डू बांटे
गांधी चौक व्यापार संघ के व्यापारियों ने बाजार में देसी घी के लड्डू बांटकर प्रभु श्रीरामचंद्र के श्रीचरणों में अपनी श्रद्धा-भक्ति व खुशी का इजहार किया। इससे पहले हनुमान मंदिर, मोती बाजार के पुजारी पं. राजेश शास्त्री ने बजरंग बली को लड्डूओं का भोग लगाया। पूरा गांधी चौक बाजार जयश्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। साथ ही दुकानदारों ने दुकानों के आगे दीप जलाकर दीपावली उत्सव की तरह खुशी मनाई। इस अवसर पर व्यापार संघ के प्रधान रमेश कुमार लोहिया, महासचिव राजेश लोहिया, उपप्रधान अनिल जिंदल, तिलक जैन, परसराम, रमेश गर्ग, विनोद, विपिन जैन आदि भी उपस्थित रहे।
जगह-जगह प्रसाद वितरित
एमसी कॉलोनी, डीसी कॉलोनी मार्केट एसोसिएशन व अर्बन एस्टेट मार्केट एसोसिएशन द्वारा हलवे का प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित एसोसिएशन पदाधिकारियों ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण को लेकर सभी देशवासियों ने लंबे समय से सपना संजोया हुआ था। आज श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण के भूमि पूजन से वह सपना अब साकार होने जा रहा है। इस अवसर पर एमसी कॉलोनी-डीसी कॉलोनी मार्केट एसोसिएशन प्रधान राजू तंवर, अर्बन एस्टेट मार्केट एसोसिएशन प्रधान रमेश चुघ, नवीन कुमार, राजकुमार, सुमित, संजय गोयल, सोनू असीजा, मुकेश व डॉ. वैभव बिदानी आदि उपस्थित रहे।
हरिहर मंदिर में हवन किया
विभिन्न संजगठनों के गणमान्य लोगों ने जवाहर नगर के हरिहर मंदिर में हवन का आयोजन किया। इस अवसर पर मुख्य पुजारी राजेश शर्मा, विकास हिसारी, संजय बिश्नोई, विवेक, नरेश कुमार, डॉ. पटेल, पवन टांक, राजू बिश्नोई, धर्मवीर दुहन, राजकुमार, ओमप्रकाश मेहता प्रधान, प्रो. अभिषेक सैनी आदि उपस्थित थे।
10 जरूरतमंदों को कृत्रिम अंग भेंट किए
भारत विकास परिषद की विवेकानंद शाखा द्वारा संचालित दिव्यांग पुनर्वास एवं स्वास्थ्य केंद्र, न्यू ऋषि नगर में अयोध्या में श्रीराम मंदिर का शिलान्यास होने के उपलक्ष्य में समाजसेवी विपिन गोयल के सहयोग से 10 जरुरतमंद लोगों को निशुल्क कृत्रिम अंग वितरित किए गए। मंदिर के भूमि पूजन के अवसर पर केंद्र में चलने वाली सभी तरह की स्वास्थ्य सेवाएं निशुल्क प्रदान की गई। कृत्रिम अंग वितरण के अवसर पर केंद्र के सचिव सुरेंद्र कुच्छल, परिषद के अध्यक्ष मांगेराम गुप्ता, कोषाध्यक्ष सीताराम मंगल, मनीराम बंसल, राहुल अग्रवाल, रेखा अग्रवाल, प्रवीन मित्तल, मनीष जैन आदि उपस्थित रहे।
अग्रसेन चौक पर दीये जलाकर मनाई खुशी
भारत विकास परिषद विवेकानंद शाखा द्वारा अग्रसेन चौक पर दीप जलाकर खुशी मनाई गई। शाखाध्यक्ष राजेश जैन और शाखा सचिव मांगेराम गुप्ता ने बताया कि हम सौभाग्यशाली हैं जो राम मंदिर निर्माण के शिलान्यास का अवसर देखने के साक्षी बन रहे हैं।

पड़ाव बाजार स्थित मंदिर में दीप जलाकर खुशी मनाते दुकानदार।- फोटो : Hisar

श्रीराम मंदिर निर्माण के भूमि पूजन की खुशी में घर में दीप जलाती महिला।- फोटो : Hisar

श्री राम मंदिर निर्माण के लिए भूमिपूजन की खुशी में अपने आवास पर दीप जलाते हरियाणा विधानसभा के डि?- फोटो : Hisar

राममंदिर भूमिपूजन की खुशी में हांसी में शोभायात्रा निकालते श्रद्धालु।- फोटो : Hisar

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें