लाडवा में खेल नर्सरी के ट्रायल देते खिलाड़ी।
हिसार। खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग की ओर से खेल नर्सरी योजना के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लाडवा (लड़के) व ग्राम पंचायत लाडवा (लड़कियों। हैंडबाल की खेल नर्सरी आवंटित की गई है। इसके तहत शुक्रवार को ट्रायल लिए गए। लाडवा के नर्सरी हैंडबाल कोच अशोक पूनिया व महावीर पूनिया ने बताया कि हैंडबाल नर्सरियों के लिए 50 लड़के व 40 लड़कियों ने ट्रायल दिए। बैटरी टेस्ट व खेल का ट्रायल लेकर श्रेष्ठ 25 लड़कों और 25 लड़कियों का चयन किया गया है।
वहीं, 10 खिलाड़ियों को प्रतीक्षा सूची में रखा गया है। ट्रायल में खिलाड़ियों ने 30 मीटर दौड़, शटल रन, 800 मीटर दौड़, बैंड एंड रिच, एसबी जंप, वर्टिकल जंप, मेडिसन बाल फिटनेस टेस्ट दिए। शनिवार से नर्सरियों में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देना शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया की खेल नर्सरियां मिलने से ग्रामीणों व खिलाड़ियों में खुशी की लहर है। 8 से 14 आयु वर्ग खिलाड़ियों को 2000 रुपये व 15 से 19 आयु वर्ग के खिलाड़ियों को 3000 रुपये प्रतिमाह छात्रवृत्ति के रूप में डाइट राशि सरकार द्वारा खिलाड़ियों को दी जाएगी। नर्सरी आवंटित करने पर सरपंच रामफल पूनिया, प्राचार्या फूलवती लांबा, शारीरिक शिक्षा के प्रवक्ता परमिंदर मलिक, हिस्ट्री प्रवक्ता मधुबाला व ग्रामीणों ने खेल विभाग का आभार जताया।
पिछले साल की डाइट राशि का इंतजार
भले ही सरकार की ओर से नर्सरियां अलॉट कर दी गई हैं। मगर अभी तक पिछले साल नर्सरियों में अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों को डाइट राशि का इंतजार चल रहा है। कोच और खिलाड़ियों की मानें तो 15 जून से लेकर 31 जनवरी तक की डाइट राशि अभी नहीं मिली है। वहीं, कोच को भी अभी तक साढ़े चार माह का वेतन मिला है। हालांकि इस बार पेश किए बजट में खिलाड़ियों की डाइट राशि बढ़ाई है। वहीं शुक्रवार को ट्रायल देने पहुंचे खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
मौसम खराब के कारण किरमारा में नहीं हुए ट्रायल
किरमारा के राजीव गांधी खेल स्टेडियम में शुक्रवार शाम को ट्रायल लिए जाने थे। मगर मौसम खराब होने के कारण ट्रायल नहीं लिए जा सके। ऐसे में शनिवार शाम को ट्रायल लिए जाएंगे। कोच राजू कनोह ने बताया कि ट्रायल में 8 साल से 19 साल तक के खिलाड़ी भाग लेंगे। ट्रायल देने आने वाले खिलाड़ियों को आधार कार्ड, जन्म प्रमाणपत्र सहित अन्य जरूरी कागजात लाने अनिवार्य है।