हांसी। शहर की चार कॉलोनियों के निवासी अब भी गलियों के पक्का होने का इंतजार कर रहे हैं, जबकि इन कॉलोनियों को करीब दो वर्ष पहले अवैध से वैध घोषित किया गया था। नगर परिषद के अधिकारियों का अनुमान है कि इन कॉलोनियों की लगभग 90 गलियों को पक्का करने के लिए करीब 6.55 करोड़ रुपये खर्च होंगे, लेकिन टेंडर अभी तक नहीं हुआ है।
वर्तमान में नगर परिषद ने एक फर्म का चयन किया है और इसकी फाइल शहरी स्थानीय निकाय को भेजी जाएगी। वहां से मंजूरी मिलने के बाद ही गलियों के निर्माण का कार्य शुरू होगा। इस प्रक्रिया में एक से दो महीने का समय लग सकता है।
कॉलोनियों का विवरण
बैंक कॉलोनी की गलियां पहले से पक्की हैं और सीवरेज व पानी की सुविधा भी उपलब्ध है। हालांकि, पेवर ब्लॉक से बनी गलियों को उखाड़कर सीसी की गली बनाई जाएगी। नंद नगरी में चार कच्ची गलियों को पक्का किया जाएगा। इसके अलावा साईं एंड शिव कॉलोनी (पार्ट वन और टू) में सबसे ज्यादा कच्ची गलियां हैं, जिन्हें पक्का किया जाएगा।
सर्वे और प्रस्ताव
इन कॉलोनियों के गलियों को पक्का करने के लिए नगर परिषद ने सर्वे किया था और प्रस्ताव तैयार किया गया था। इसमें करीब साढ़े छह करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान था। पिछले वर्ष जून में इस प्रस्ताव को नगर परिषद ने मुख्यालय भेजा था और दो महीने पहले उसे मंजूरी मिल गई थी। इसके बाद नगर परिषद ने कई बार टेंडर निकाले, लेकिन टेंडर सिरे नहीं चढ़े। हाल ही में छह फर्मों ने आवेदन किया था, जिनमें से एक फर्म का चयन कर लिया गया है। हालांकि, कार्य की लागत एक करोड़ रुपये से अधिक होने के कारण, फाइल को फिर से शहरी स्थानीय निकाय में भेजा गया है। वहां से मंजूरी मिलने के बाद ही टेंडर अलॉट किया जाएगा और निर्माण कार्य शुरू होगा।
इन कॉलोनियों काे वैध होने का इंतजार
शहर की 10 अवैध कॉलोनियों में से चार को फरवरी 2024 में सरकार ने वैध घोषित कर दिया था, जबकि छह कॉलोनियां अभी भी अवैध हैं। इन कॉलोनियों को वैध घोषित करने के लिए नगर परिषद ने सरकार को प्रस्ताव भेजा है। इनमें आंबेडकर कॉलोनी, पटेल नगर, न्यू शांति निकेतन, न्यू शांति निकेतन एक्सटेंशन, राम सिंह कॉलोनी, और जवाहर नगर एक्सटेंशन पार्ट वन कॉलोनी शामिल हैं। इन कॉलोनियों के वैध होने का इंतजार अब भी जारी है।
-
इन काॅलोनियों में गलियों के निर्माण के लिए एक फाॅर्म का चयन किया गया है। फाइल को अनुमति के लिए मुख्यालय भेजा जाएगा। - विक्की कुमार , एक्सईएन, नगर परिषद, हांसी।