अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। शहर की बेटी गरिमा शर्मा बड़े पर्दे पर अपनी प्रतिभा के रंग बिखेरती नजर आएंगी। हिसार से यशपाल शर्मा और यश टांक के बाद यह तीसरी कलाकार हैं, जो बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाने के लिए कदम रख चुकी हैं। गरिमा का पदार्पण भी किसी छोटे बैनर तले नहीं, बल्कि मशहूर एक्टर अजय देवगन प्रोडक्शन हाउस से हो रहा है।
अजय देवगन प्रोडक्शन की तुर्रम खां फिल्म से शहर की बेटी गरिमा शर्मा बड़े पर्दे पर पदार्पण कर रही हैं। शनिवार को पत्रकार वार्ता में गरिमा के पिता बृजेश शर्मा ने बताया कि इस फिल्म को जाने-माने डायरेक्टर हंसल मेहता डायरेक्ट कर रहे हैं। फिल्म में फरीदाबाद के राजकुमार राव मेन हीरो और नुसरत बरोचा हीरोइन के रोल में हैं। यह फिल्म हरियाणा पर बनी है और इसमें खेल को बेस्ड बनाया गया है। गरिमा इस फिल्म में राजकुमार राव की टीम का हिस्सा हैं और वे फुटबाल व कबड्डी प्लेयर का रोल अदा कर रही हैं। गरिमा ने 10वीं कक्षा तक की पढ़ाई हिसार से की है, जबकि अब वे 12वीं कक्षा में जालंधर डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में पढ़ रही हैं। इस अवसर पर गरिमा के साथ उनके पिता बृजेश शर्मा, उनकी माता बलजिंद्र कौर, पगड़ी दा ऑनर के डायरेक्टर राजीव भाटिया, गुलशन चावला, नवीन निशाद भी थे।
हिसार से यशपाल शर्मा, यश टांक के बाद बड़े पर्दे तक पहुंचने वाली तीसरी कलाकार
गरिमा शर्मा हिसार से बॉलीवुड में कदम रखने वालों में यशपाल शर्मा और यश टांक के बाद तीसरी कलाकार हैं। गरिमा शर्मा की मां बलजिंद्र कौर भी बॉलीवुड में अपनी अदाकारी दिखा चुकी हैं। उन्हें पगड़ी और शहीद फिल्म के लिए नेशनल अवॉर्ड भी मिल चुका है। इसके अलावा छोटे पर्दे पर टीवी सीरियलों में काम करने वालों में हिसार से सोनाली फोगाट, सीसवाल गांव निवासी संदीप बसवाना और हर्ष सोनी का नाम शामिल है।
मां-बेटी को एक ही डायरेक्टर व हीरो से मिला ब्रेक
बृजेश शर्मा ने बताया कि गरिमा को डायरेक्टर करने वाले हंसल मेहता हैं और उनकी मां बलजिंद्र कौर को भी जब ब्रेक मिला था, तब पहले डायरेक्टर हंसल मेहता ही थे। इसी तरह गरिमा की फिल्म में हीरो राजकुमार राव हैं और बलजिंद्र कौर की पहली फिल्म के हीरो भी राजकुमार राव ही थे।