अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
राजगुरु मार्केट में व्यापारी जितेंद्र भुटानी और आरसीबी (राम चाट भंडार) के कारिंदे टीलू उर्फ तेलूराम पर तेजधार हथियार से वार करने के मामले को लेकर रोष स्वरूप मंगलवार को व्यापारी धरने पर बैठ गए। व्यापारियों ने आरसीबी के पास ही मार्केट में धरना शुरू कर दिया। राजगुरु मार्केट एसोसिएशन, राजगुरु मार्केट ऑर्गेनाइजेशन के पदाधिकारी सहित पूर्व पार्षद गौतम सरदाना, पूर्व पार्षद पंकज दीवान सहित सभी मार्केट के व्यापारी दो घंटे तक धरने पर बैठे रहे। मामले की सूचना पर पहले से ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया। अनाजमंडी चौकी इंचार्ज कृष्ण लाल ने व्यापारियों से बातचीत कर समझाने की कोशिश की। व्यापारियों ने उनके सामने नारेबाजी की और कहा कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती वे धरने से नहीं उठेंगे। आखिर में एसआई कृष्ण लाल व्यापारियों के साथ दरी पर बैठ गए। उन्होंने मार्केट एसोसिएशन के कार्यकारी प्रधान राजेश जैन, गौतम सरदाना, पंकज दीवान व अक्षय मलिक से बात की। व्यापारियों ने उन्हें मांगों को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। पुलिस ने व्यापारियों की मांग पर तुरंत प्रभाव से पीसीआर तैनात कर दी।
आक्रोश में व्यापारी
व्यापारियों ने आरोपियों को 48 घंटे के अंदर गिरफ्तार करने का पुलिस को अल्टीमेटम दिया है। घटना से आक्रोशित व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन को कहा कि अगर निर्धारित समय में पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करती तो व्यापारियों के अगले कदम के लिए प्रशासन जिम्मेदार होगा।
व्यापारियों ने मुख्य चार मांगें रखी
- मार्केट में पुलिस पीसीआर तैनात हो
- व्यापारियों को हथियार रखने के लिए लाइसेंस दिए जाएं।
- बंद पड़े सीसीटीवी चालू करवाए जाएं।
- नशा बंद करवाया जाए।
ऐसा ही चलता रहा तो यूपी और बिहार से पहले लिया जाएगा नाम
व्यापारियों ने मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों को खूब खरी-खौटी सुनाई। उन्होंने कहा कि अगर ऐसे ही हालात रहे तो यूपी व बिहार से पहले अपराध में हिसार का नाम आ जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सोमवार की रात को जब वारदात हुई तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मार्केट में चक्कर लगाकर वापस चली गई। घायलों का हालचाल जानने के लिए अस्पताल तक नहीं पहुंची। ऐसे में पुलिस की ड्यूटी के प्रति कहां संवेदनशीलता रह गई?
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर दुकानदारों में सुभाष मित्तल, टीनू आहूजा, एडवोकेट रवि महत्ता, सुरेन्द्र सोनी, महेश चौधरी, नवीन आहूजा, सुशील जैन सहित अन्य उपस्थित रहे।
यह है मामला
राजगुरु मार्केट में सोमवार की रात को एक घड़ी व्यापारी जितेंद्र भुटानी व एक राम चाट भंडार के कारिंदे टीलू पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। बताया गया है कि वारदात करने वाले तीन लोग थे। जितेंद्र अपनी शॉप बंद कर स्कूटी पर घर की तरफ जा रहे थे। पैदल जा रहे तीन युवकों ने रास्ता नहीं दिया। जब उनहोंने रास्ता देने के लिए कहा कि तीनों ने उनके साथ मारपीट की और तेजधार हथियार से उसकी टांग पर वार कर दिया। घायल अवस्था में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। निजी अस्पताल के डॉक्टरों ने उनके पांव का ऑपरेशन किया। खून अधिक बह जाने के कारण उन्हें एक यूनिट ब्लड भी चढ़ाना पड़ा। इसके अलावा टीलू को छाती में तेजधार हथियार मारा गया है। उस पर पंजाबी धर्मशाला के सामने हमला हुआ। आरोपियों के हाथ में टीलू ने साइन बोर्ड बताया था। साइन बोर्ड से टीलू टकरा गया था। इसलिए आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया।
धरने पर बैठे व्यापारी, आरोपियों की गिरफ्तारी के 48 घंटे का अल्टीमेटम
राजगुरु मार्केट में व्यापारी और आरसीबी के कारिंदे पर हमले का मामला