अमर उजाला ब्यूरो
सिवानी मंडी।
जाट समाज की पिलानिया खाप ने हरियाणा समेत यूपी, राजस्थान और पंजाब में पिलानिया समाज के लोगों के लिए मृत्यु भोज पर पूर्ण रूप से पाबंदी लगा दी है। इसके अलावा इस गोत्र के लोगों ने बेटी-बचाओ, बेटी-पढाओ अभियान को आगे बढ़ाते हुए कन्या भ्रूण हत्या, डीजे पर पाबंदी, बाल विवाह पर प्रतिबंध, शादियों में फिजूलखर्ची खत्म करने की शपथ सोमवार को उपमंडल के गांव घंघाला में अखिल भारतीय पिलानिया खाप की एक महापंचायत में ली। समाज के लोगों को शिक्षा का महत्व बताते हुए खाप प्रतिनिधियों ने कहा कि समाज के युवा कम से कम 12वीं पास जरूर हों ताकि समाज की साक्षरता दर बढ़ाई जा सके। इस दौरान जाट आरक्षण और 4 राज्यों में जाटों की राजनैतिक उपेक्षा का मामला भी उठा। महासम्मेलन में सभी से एकजुट होकर समाज को शिक्षित, संगठित और संघर्षशील रहने का आह्वान किया गया। इस दौरान कई कलाकारों ने लोगों का मनोरंजन भी किया।
खाप के आयोजन से पूर्व सामाजिक कार्यों में अग्रणी रहने वाले गांव के पूर्व सरपंच नरसिंह पिलानियां की मूर्ति स्थापना की गई और उनके समक्ष लोगों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
जाट आरक्षण मुद्दे पर की सरकार की खिंचाई
श्रद्धांजलि समारोह के बाद महापंचायत में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे जयपुर जिले के आमेर से विधायक नवीन कुमार पिलानिया ने ऐको, चेतो और खुड़कों का नारा देते हुए कहा कि जाट समाज का इतिहास गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक रहा है। जाट आरक्षण पर सरकार की खिंचाई करते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा में समाज के लोगों को आज तक कई कुर्बानियां देने के बावजूद आरक्षण नहीं मिला है।
राजस्थान में जाटों को लंबे संघर्ष के बाद आरक्षण मिला था इसलिए हरियाणा में समाज के लोगों को संगठित होकर आरक्षण की लड़ाई को जीत में बदलना होगा। उन्होंने कहा कि हमारी कमजोरियों की वजह से जाट समाज की राजनैतिक विरासत घटती जा रही है। हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और यूपी में जाट समाज का राजनैतिक अस्तित्व समाप्त होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में आज जाट समाज के लोगों को शादी के लिए बहू बिहार से लानी पड़ रही हैं। इसे समाज के लिए शर्मनाक बताते हुए कहा कि इसके लिए हमें बेटे की चाह समाप्त करनी होगी और कन्या भ्रूण हत्या पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाना होगा।
खाप महापंचायत में हलका विधायक ओमप्रकाश बड़वा ने कहा कि समाज को संगठित और सकारात्मक दिशा देना एक सराहनीय कार्य है। बुराइयों को मिटाने के लिए हमें सभी जातियों को साथ लेकर चलना होगी ताकि पूरे देश को राष्ट्रहित में बुराई मुक्त किया जा सके। विधायक ने पिलानिया खाप की इस पहल को सराहनीय कदम बताते हुए कहा कि समाज में अगर एकता होगी तो यह सबसे बड़ा बदलाव होगा। खाप महापंचायत में पूर्व विधायक धर्मपाल ओबरा, पिलानिया खाप के अध्यक्ष एवं एडवोकेट सत्यजीत पिलानिया, विद्याधर पिलानिया, एडवोकेट संदीप पिलानिया, ठेकेदार प्रदीप पिलानिया, महाबीर पिलानिया, अमर सिंह पिलानिया, नरेंद्र पिलानिया, सतबीर सिंह, कपूर सिंह, चाननमल आदि मौजूद रहे।
महापंचायत में लिए गए ये निर्णय
1. हरियाणा, यूपी, राजस्थान और पंजाब में मृत्यू भोज पर पूर्ण रूप से पाबंदी रहेगी
2. बाल विवाह पर रोक
3. बेटी-बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत कन्या भू्रण हत्या पर प्रतिबंध
4. पिलानिया बाहुल गांवों में डीजे पर पाबंदी
5. समाज का युवा कम से कम 12वीं तक पढ़े
--------
हरियाणा, यूपी, पंजाब और राजस्थान में पिलानिया खाप ने मृत्यु भोज पर लगाया प्रतिबंध
फोटो नंबर 35 सहित
पिलानिया खाप की महापंचायत में भ्रूण हत्या, बाल विवाह, शिक्षा और डीजे पर पाबंदी जैसे कई कदम उठाए
समाज से शिक्षित, संगठित और संघर्षशील रहने की अपील की
आरक्षण को लेकर भी जाटों ने सरकार को मंच से ललकारा