अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
जिले में डेंगू के रोगियों की संख्या 130 से बढ़कर 138 हो गई है। बढे़ आठ डेंगू रोगियों में अकेले सात रोगी ऋषि नगर और एक रोगी हांसी का है। जिले में स्वाइन फ्लू के 46 और मलेरिया के 154 रोगी हैं।
जिले में डेंगू का डंक तेजी से फैल रहा है। सिटी एरिया में डेंगू के मरीज अधिक सामने आ रहे हैं। मरीजों की संख्या बढ़कर 138 तक पहुंच गई है। डेंगू के कारण अर्बन एस्टेट टू के प्रधान रामनिवास गोयल की पत्नी कौशल्या की पिछले दिनों मौत हो चुकी है। स्वाइन फ्लू धीरे-धीरे बढ़ रहा है। अभी तक स्वाइन फ्लू के 46 रोगी सामने आ चुके हैं। इनमें से कुछ का उपचार हो चुका है और कुछ का शहर के विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है। एकाएक बढ़ रहे मरीजों की संख्या से जिला मलेरिया विभाग चिंतित है। मलेरिया विभाग की टीम मई माह से जिले में अभियान चलाए हुए है। मलेरिया विभाग की टीम अभी तक जिले में 1500 से अधिक लोगों को नोटिस जारी कर चुकी है।
ऋषि नगर में डेंगू का ज्यादा प्रभाव
ऋषि नगर, सूर्य नगर, शिव कॉलोनी, अर्बन एस्टेट टू, मॉडल टाउन, आजाद नगर, मिलगेट एरिया से डेंगू के मरीज सामने आ रहे हैं। 138 में से 100 के करीब मरीज शहर एरिया के हैं। जिला मलेरिया विभाग से मिली जानकारी के अनुसार फिलहाल ऋषि नगर से ज्यादा रोगी सामने आ रहे हैं। दो दिन में आठ में से सात मरीज ऋषि नगर के मिले हैं।
पानी निकासी की नहीं व्यवस्था
जिन इलाकों से डेंगू के मरीज सामने आ रहे हैं, वहां पर पानी की निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। ऐसे में उन एरिया में डेंगू तेजी से फैल रहा है। जिला मलेरिया शाखा की टीमें घर-घर जाकर जागरूकता अभियान चला रही हैं। लोगों को डेंगू से बचने के उपाय बताए जा रहे हैं। जिन घरों में डेंगू के लार्वा मिल रहे हैं, उनको को चेतावनी नोटिस दिए जा रहे हैं। जिला मलेरिया विभाग से मिली रिपोर्ट के अनुसार जिले में अब तक 138 रोगी डेंगू के सामने आ चुके हैं। ज्यादातर का सिविल अस्पताल और निजी अस्पतालों में उपचार चल रहा है। 138 में से एक महिला मरीज की पिछले दिनों मौत हो चुकी है। उनका गुरुग्राम के अस्पताल में उपचार चल रहा था।
डेंगू के लक्षण
--सर्दी के साथ तेज बुखार होना।
--जोड़ों, मांसपेशियों और सिर में तेज दर्द होना।
--हल्की खांसी, गले में दर्द और खरांस।
--शरीर पर लाल लाल रंग के दाने दिखाई देना।
--उल्टी-दस्त के अलावा शरीर में कमजोरी और भूख न लगना।
.....................
डेंगू के उपाय
--घर के पास पानी एकत्रित न होने दें।
--पानी की टंकी को ढककर रखें।
--घर में रखे गमलों, कूलर और बर्तनों में पानी न रखें।
-- हो सके तो बच्चों को पूरी बाजू के कपड़े पहनाएं।