अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
सिसाय गांव में एक निर्माणाधीन हौदी की दीवार गिरने से बरवाला के खटीक मोहल्ला निवासी 40 वर्षीय राजबाला की मौत हो गई और मिस्त्री चतर सिंह घायल हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव सिसाय में एक खाप के चबूतरे के पास एक हौदी का निर्माण कराया जा रहा है। यह निर्माण आखिरी चरण में है। हौदी के अंदर मिस्त्री चतर सिंह पैड बांधकर प्लास्टर कर रहा था और बरवाला के खटीक मोहल्ला निवासी मजदूर राजबाला सामग्री पकड़ा रही थी। बाहर जेसीबी चालक हौदी की दीवार के साथ खाली जगह को मिट्टी से पाट रहा था। अचानक दीवार ढह गई और चतर सिंह और राजबाला दब गए। ग्रामीणों ने दोनों को बाहर निकाला। चतर सिंह को मामूली चोट लगी। लोगों ने राजबाला को हांसी के सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया, जहां से उसे हिसार रेफर कर दिया गया। महिला ने यहां एक निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। शव का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल में किया गया। हांसी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
अनाथ हो गए दोनों बच्चे
राजबाला पर अपने दो बच्चों के पालन-पोषण की सारी जिम्मेवारी थी। उसके पति महेंद्र की 12 साल पहले मौत हो चुकी है। महिला को एक बेटा और एक बेटी हैं। महेंद्र की मौत से ही परिवार पर गमों का पहाड़ टूट गया था। अब राजबाला की मौत से दोनों बच्चे बिना मां-बाप के हो गए हैं।
- पिता की मौत के बाद अब दो बच्चों के सिर से उठा मां का साया