अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
दो वर्ष के गैप ईयर होने के कारण चूक गए अभ्यर्थी अब दाखिला ले सकेंगे। उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से सभी यूनिवर्सिटी को इस बारे में निर्देश जारी किए गए हैं। दाखिलों के लिए फिजिकल काउंसिलिंग में हिस्सा ले सकेंगे।
यूनिवर्सिटी की ओर से लिए गए फैसले के अनुसार 12वीं करने के बाद दो वर्ष के गैप वाले छात्र इस बार दाखिले से वंचित हो गए थे। ऐसे अधिकतर स्टूडेंट आवेदन नहीं कर पाए थे। विभाग की ओर से तैयार किए गए सॉफ्टवेयर में ऐसे आवेदन स्वीकार नहीं हो सके थे। कुछ स्टूडेंट ने इस बारे में यूनिवर्सिटी को शिकायत दी थी। कॉलेज तथा यूनिवर्सिटी की ओर से मिली शिकायत के बाद उच्चतर शिक्षा विभाग ने मंगलवार को आदेश जारी किए, जिसमें निर्देश दिए कि दो वर्ष का गैप रखने वाले स्टूडेंट दाखिला ले सकेंगे। कॉलेज ऐसे छात्रों को दाखिले के लिए प्रबंध करेंगे। दाखिले के लिए फिजिकल काउंसिलिंग में हिस्सा लेना होगा। 21 जुलाई के बाद से दाखिला लेने के दिन तक रोजाना 100 रुपये के हिसाब से लेट फीस जमा करानी होगी। कॉलेजों में फिजिकल काउंसिलिंग के लिए 27 जुलाई संभावित तारीख तय है।
95 प्रतिशत सीटें भर चुकीं
गवर्नमेंट कॉलेज में यूजी की करीब 95 प्रतिशत सीट भर चुकी हैं। अन्य कॉलेजों में 80 से 85 प्रतिशत सीटें भर चुकी हैं। कॉलेज में 31 जुलाई तक लेट फीस के साथ दाखिले दिए जाएंगे। पीजी कोर्स में अब तक करीब 70 फीसदी सीटें भरी हैं।
31 तक रहेगी दाखिले की प्रक्रिया
दाखिले के लिए अब कॉलेज स्तर पर डेली की लिस्ट तैयार की जा रही है, जिसमें फिजिकल काउंसिलिंग के तहत आने वाले स्टूडेंट को पहले आओ, पहले पाओ के तहत दाखिला दिया जा रहा है। 31 जुलाई तक दाखिले की प्रक्रिया जारी रखी जाएगी।
उच्चतर शिक्षा विभाग ने भेजे रोल नंबर
यूजी के कोर्स में दाखिला लेने वालों के उच्चतर शिक्षा विभाग ने रोल नंबर जारी कर दिए हैं। इसके बाद कॉलेजों ने सेक्शन बना दिए हैं। कुछ कॉलेजों में टाइम टेबल तैयार कर क्लासें शुरू कर दी हैं। क्लास में अभी संख्या बेहद कम दर्ज की जा रही है।
- उच्चतर शिक्षा विभाग ने सभी यूनिवर्सिटी को जारी किए निर्देश