अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
श्री रामलीला कमेटी कटला के चुनाव पर डिस्ट्रिक को-ऑपरेटिव रजिस्ट्रार सोसायटी ने रोक लगा दी है। इसके बाद प्रशासक एनके गोयल ने चुनाव प्रक्रिया को स्थगित कर दिया है। 30 जुलाई को होने वाले चुनाव के लिए 23 जुलाई से नामांकन शुरू होने थे।
श्री रामलीला कमेटी कटला के चुनाव एक बार फिर से रुक गए हैं। पिछले साल कॉलेजियम के जरिये रामलीला कमेटी के चुनाव कराए जाने थे। पिछले माह कमेटी के चुनाव कराने के लिए वोटर लिस्ट जारी की गई। जिसमें 1100 सदस्यों में से करीब 120 के नाम काट दिए गए थे। इसके बाद सदस्यों की संख्या 980 रह गई। रजिस्ट्रार सोसायटी एक्ट 2012 के अनुसार एक हजार से कम सदस्य होने पर सीधे मतदान कर चुनाव कराए जा सकते हैं। इससे अधिक सदस्य होने पर कॉलेजियम के जरिये चुनाव होते हैं। 980 की लिस्ट के हिसाब से कमेटी के चुनाव का एलान कर दिया गया था, जिसमें 23 जुलाई को नामांकन होना था। इसमें प्रधान, उपप्रधान, सचिव, सह सचिव, कोषाध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्यों के लिए नामांकन लिए जाने थे। 24 जुलाई को नामांकन की जांच होनी थी। 26 जुलाई तक नामांकन वापस लिए जाने थे। 30 जुलाई को मतदान के जरिये चुनाव होना था। लिस्ट से हटाए गए 120 लोगों ने श्री रामलीला कमेटी कटला की सूची को रजिस्ट्रार के सामने चैलेंज किया था। भारत भूषण, अनिल गुप्ता, राधेश्याम सहित अन्य ने रजिस्ट्रार को शिकायत दी कि उनका नाम गलत तरीके से काटा गया है। इस मामले में रजिस्ट्रार ने शनिवार को चुनाव प्रक्रिया रोकने के निर्देश दिए हैं।
रजिस्ट्रार कार्यालय की ओर से चुनाव प्रक्रिया रोकने के आदेश मिले हैं। इसके बाद 23 को नामांकन से लेकर 30 के मतदान तक की सभी प्रक्रिया स्थगित कर दी गई हैं। रजिस्ट्रार कार्यालय के अनुसार चुनाव कार्यक्रम की सूचना बाद में घोषित होगी।
- एनके गोयल, प्रशासक, श्री रामलीला कमेटी हिसार
पिछले साल रुके थे कॉलेजियम के चुनाव
पिछले साल श्री रामलीला कमेटी कटला के चुनाव कराने के लिए कॉलेजियम चुने जाने थे। कॉलेजियम सदस्यों के चुनाव में विवाद के बाद इस प्रक्रिया को रोक दिया गया था। बाद में यहां प्रशासक नियुक्त किया गया था।
- आज से होना था नामांकन, 30 को होना था मतदान