अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में पढ़ रहे व नए दाखिल होने वाले विद्यार्थी अब ऑनलाइन फीस जमा करवा सकते हैं। फीस जमा करवाने के लिए विद्यार्थियों को अब बैंक या कॉलेज में बनाए गए फीस काउंटर पर जाने की जरूरत नहीं होगी।
एचएयू के कुलपति प्रोफेसर केपी सिंह ने दो विद्यार्थियों एमएससी विद्यार्थी जियाऊदीन हमीद उल्लाह अफगानिस्तान, कृषि कॉलेज के पीएचडी विद्यार्थी राजकुमार की फीस को ऑनलाइन जमा करके इसका विधिवत उद्घाटन किया। प्रोफेसर के.पी. सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री के डिजीटल इंडिया कार्यक्रम के तहत विश्वविद्यालय की सभी सेवाओं को ऑनलाईन किया जा रहा है । फीस ऑनलाईन भी इसका एक हिस्सा है। विद्यार्थियों को फीस के बारे में अग्रिम सूचना भी एसएमएस एवं ई-मेल के जरिये भेजी जा सकेगी। प्रोफेसर सिंह ने नियत समय में ऑनलाईन फीस को हकृवि में लागू करने के लिए वित्त नियंत्रक एवं उनकी पूरी टीम की सराहना की। वित्त नियंत्रक नवीन जैन ने बताया कि विश्वविद्यालय की ओर से इसके लिए एचडीएफसी बैंक के साथ समझौता किया गया है ।इससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी । फीस जमा होते ही विद्यार्थी के मोबाइल पर इसकी पुष्टि के लिए एक एसएमएस भी आ जाएगा। विद्यार्थी फीस जमा की रसीद भी ऑनलाइन निकाल कर प्रमाण के लिए अपने पास रख सकता है। विश्वविद्यालय के बाहरी महा-विद्यालयों कौल व बावल के लिए भी उपलब्ध होगी। कुलपति के विशेष कार्य अधिकारी डॉ. एमके गर्ग, कुलसचिव डॉ. एमएस दहिया, सभी कॉलेजों के अधिष्ठाता तथा एचडीएफसी बैंक के अधिकारी मौजूद थे।
एचएयू में आनलाइन जमा होगी फीस, जमा होते ही मोबाइल पर आएगा मैसेज
फोटो नंबर 1 व 2 सहित
-- फीस भरने की याद दिलाने के लिए भी आएगा अलर्ट मैसेज