अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
जीएसटी के विरोध में बुधवार को होलसेल क्लाथ मार्केट बंद रही। राजगुरु मार्केट, बिश्नोई मार्केट, न्यू राजगुरु मार्केट, आर्य बाजार सहित कई अन्य एरिया में भी कपड़े की दुकानों पर कारोबार बंद रहा।
व्यापारियों को समर्थन देने पहुंचे हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग दास गर्ग ने कहा कि तीन दिन का कपड़ा व्यापारियों का राष्ट्रव्यापी बंद ऐतिहासिक है। व्यापार मंडल का खुला समर्थन कपड़ा व्यापारियों को है। केंद्र सरकार द्वारा कपड़े पर टैक्स लगाकर यह सिद्ध कर दिया है कि आम जनता को अब कफन पर भी टैक्स देना होगा। एक साल में 37 रिटर्न भरने के साथ रिवाइज रिटर्न भरने के प्रावधान को खत्म किया गया है। द होलसेल क्लॉथ मार्केट हिसार 29 जून को भी बंद रहेगी। मार्केट के प्रधान रमेश रायल ने कहा कि 28 जून से 2 दिनों तक हड़ताल पर रहेंगे। इसके बाद भी अगर सरकार ने कारोबारियों की मांगों को नहीं माना तो आगे की रणनीति बनाई जाएगी। एसोसिएशन के महासचिव पित्रुमल गोयल ने कहा कि सरकार ने तो कफन के कपड़े तक पर जीएसटी लगा दिया है। उपप्रधान ब्रह्म नागपाल ने कहा कि नई व्यवस्था के अनुसार कपड़ा कारोबारियों को साल में 37 तरह की कार्यवाही पूरी करनी होगी, यानी हर महीने कम से कम तीन बार। कोषाध्यक्ष सुभाष बंसल ने कहा कि सरकार के इस फैसले से कपड़ा कारोबारी खासे नाराज हैं और वे अब आरपार की लड़ाई को तैयार हैं।
पांच करोड़ का कारोबार प्रभावित
कारोबारियों की मानें तो दो दिनों की हड़ताल से हिसार में लगभग एक करोड़ रुपये का नुकसान होगा। इसके अलावा दूसरी मार्केट के कारोबार, ट्रांसपोर्ट, अन्य जुडे़ बिजनेस की बात करें तो एक दिन में हिसार में पांच करोड़ का कारोबार प्रभावित हुआ है। वहीं साड़ी डीलर्स एसोसिएशन के प्रधान नीतेश डालमिया ने भी कपड़ा व्यापारियों की इस हड़ताल को अपना समर्थन दिया।
यह रहे मौजूद
एलडी पोपली, सुभाष खेड़ा वाले, ब्रह्म नागपाल, सुभाष जैन कंबल वाले, लाला प्रेम सागर टुटेजा, पित्रुमल गोयल, अनिल जैन टीनू, मोहन लाल अग्रवाल, महावीर मित्तल, घनश्याम जुनेजा, सत्यनारायण अग्रवाल, परवेश आहुजा, अन्नु जैन, सुरेश, अनिल, रामबिलास, सतीश अग्रवाल, शंकर सरदाना, भूषण झांब, कैलाश गर्ग, बिल्लू, गोपाल खेड़ा वाले, जवाहर चावला, ओमप्रकाश रल्हन, नरेश कटारिया, महेश गांधी, हैप्पी, सुनील जैन, अशोक नागपाल, कृष्ण कथूरिया, संजय शर्मा, राजेश, बिमल बंसल, दीपक रॉयल, नीरज रल्हन, अनिल सिंधवानी, हरिचंद सिंधवानी, नीरज हसीजा, गुलशन अनेजा, नरेश जैन, नवीन गुप्ता, सौरभ भाटिया के अलावा अनेक दुकानदार उपस्थित थे।