हिसार। शहर की सड़कों को जलभराव से मुक्ति के लिए नगर निगम ने पुराने शहर के चार वार्डों में 7.68 करोड़ की लागत की बरसाती पानी निकासी लाइन बिछाने को मंजूरी दे दी है। नगर निगम की फाइनेंस, कॉन्ट्रैक्ट एवं परचेज सब-कमेटी ने इसके सहित 13 करोड़ रुपये की तीन परियोजनाओं को मंजूर किया है। इसके तहत रेलवे रोड और मॉडल टाउन की एनडी गुप्ता अस्पताल वाली मुख्य सड़क को स्मार्ट रोड के तौर पर विकसित किया जाएगा।
नगर निगम अधिकारियों की ओर से पिछले दिनों स्मार्ट रोड को लेकर प्रस्ताव तैयार किए गए थे। प्रदेश सरकार के आदेश पर हर नगर निगम में ऐसे स्मार्ट रोड विकसित किए जाने हैं। हिसार में दो सड़कों को इसके लिए चुना गया है। करीब एक साल बाद यह काम पूरा होगा और इस पर लगभग 6 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। निगम ने पुराने शहर को जलभराव से मुक्त करने के लिए ड्रेनेज व्यवस्था का प्रस्ताव बनाया था। वहां बरसाती पानी निकासी लाइन नहीं हैं। बरसात का पानी सीवरेज लाइनों के जरिए ही निकलता है। इस कारण निकासी में बहुत समय लगता है और सड़कों व गलियों में जलभराव हो जाता है। सोमवार को मेयर प्रवीण पोपली की अध्यक्षता में हुई बैठक में निगमायुक्त सी. जयाश्रद्धा, सब-कमेटी की सदस्य डॉ. सुमन यादव, ज्योति वर्मा, चीफ इंजीनियर बी.के. कर्दम, एक्सईएन जयबीर डूडी, एक्सईएन अमित कौशिक की मौजूदगी में तीनों परियोजनाओं को मंजूरी दे दी गई। अंतिम मंजूरी के लिए इन परियोजनाओं की रिपोर्ट बनाकर शहरी स्थानीय निकाय मुख्यालय भेजी जाएगी।
क्या होगा फायदा
वार्ड नंबर 1, 8, 15 और 17 में बरसाती पानी निकासी लाइन सिटी थाने से जिंदल पार्क, ऑटो मार्केट और क्लॉथ मार्केट से होते हुए बरवाला चुंगी डिस्पोजल तक बिछाई जाएगी। धोबी घाट से ऋषि नगर बूस्टिंग स्टेशन तक भी लाइन बिछाई जाएगी। परियोजना के तहत महाबीर कॉलोनी के शिव चौक से पुरानी सब्जी मंडी चौक, गुरु जम्भेश्वर स्कूल राजगढ़ से कैमरी रोड तक भी पाइपलाइन डाली जाएगी। सेक्टर-14 के पार्कों के पानी को बरसाती पानी निकासी लाइन के माध्यम से बूस्टिंग स्टेशन तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी। एक्सईएन जयबीर डूडी ने बताया कि इस परियोजना पर करीब 7.68 करोड़ रुपये खर्च होंगे। करीब 6.5 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाने का काम 450 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
रेलवे स्टेशन तक बनेगी आरओडब्ल्यू सड़क
बीकानेर स्वीट्स से रेलवे स्टेशन तक बनने वाली आरओडब्ल्यू रोड के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी गई है। सड़क निर्माण के साथ फुटपाथ और पार्किंग की सुविधा भी विकसित की जाएगी। इस प्रोजेक्ट का प्रारूप तैयार कर लिया है। एक्सईएन अमित कौशिक ने बताया कि इस परियोजना पर करीब 2.64 करोड़ रुपये खर्च होंगे और कार्य को लगभग 375 दिनों में पूरा किया जाएगा।
मॉडल टाउन में बनेगी स्मार्ट रोड
लवली हेयर सैलून, गुरुद्वारा रोड से एनडी गुप्ता अस्पताल होते हुए नारी दुपट्टा पैलेस, मॉडल टाउन तक स्मार्ट रोड बनाने का प्रस्ताव है। इस परियोजना पर करीब 3.11करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसे लगभग 330 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। स्मार्ट रोड पर लाइटिंग, पार्किंग, रोड साइन मार्किंग सहित अन्य काम होंगे।