हिसार। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के 11 जिलों में खराब बिजली मीटरों का अंबार लगा है लेकिन इन्हें बदलने की रफ्तार बेहद धीमी है। तीन से अधिक बिलिंग साइकिल से लंबित 34,525 खराब मीटरों में से 10 नवंबर तक केवल 8,030 ही बदले जा सके हैं। अब तक महज 23.26 प्रतिशत काम पूरा हुआ है। इसे देखते हुए निगम प्रबंधन ने काम में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
डीएचबीवीएन के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने पूर्णकालिक डायरेक्टर्स की बैठक में खराब मीटर बदलने का लक्ष्य 30 नवंबर निर्धारित किया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तय समय सीमा में सभी लंबित मीटर बदलने के निर्देश दिए हैं। जोनवार आंकड़ों पर नजर डालें तो हिसार जोन में सबसे अधिक 17,101 खराब मीटर बदलने बाकी हैं। यहां अब तक 3,403 मीटर बदले गए हैं।
दिल्ली जोन में 9,394 मीटर बदलने शेष हैं। इस जोन में अब तक 4,627 मीटर बदले जा चुके हैं। प्रबंध निदेशक ने मटेरियल मैनेजमेंट के मुख्य अभियंता को सभी स्टोर में पर्याप्त संख्या में बिजली मीटर उपलब्ध रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सामग्री की कमी के कारण काम प्रभावित नहीं होना चाहिए। फील्ड अधिकारियों को समय पर मीटर उपलब्ध करवाए जाएं।
सभी संबंधित अधीक्षक अभियंताओं को अपने-अपने स्तर पर कार्य की नियमित निगरानी करने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि खराब मीटर बदलने में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी। इससे उपभोक्ताओं को सही बिलिंग की सुविधा मिल सकेगी।
हर शुक्रवार को देनी होगी काम की प्रगति रिपोर्ट
निगम प्रबंधन ने खराब मीटर बदलने के काम की साप्ताहिक समीक्षा का भी फैसला लिया है। जनसंपर्क अधिकारी संजय चुघ ने बताया कि अब प्रत्येक शुक्रवार को मीटर बदलने की प्रगति रिपोर्ट साझा की जाएगी। इससे लंबित कार्यों की नियमित समीक्षा हो सकेगी। जिन सर्कलों में तीन बिलिंग साइकिल से अधिक समय से खराब पड़े मीटरों की संख्या तुलनात्मक रूप से कम है वहां शेष मीटर प्राथमिकता से बदले जाएंगे। प्रबंधन का जोर निर्धारित समय सीमा में सभी लंबित मीटर बदलने पर है।