3 से 10 एचपी क्षमता के सोलर पंप की खरीद पर सरकार की ओर से दिया जाएगा 75 प्रतिशत अनुदान
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग ने प्रधानमंत्री कुसुम योजना के तहत सूबे के किसानों से लिए सोलर पंप के नए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक किसान एक मार्च तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना के तहत किसानों को 3 से 10 एचपी क्षमता के सोलर पंप 75 प्रतिशत अनुदान पर दिए जाएंगे।
अतिरिक्त उपायुक्त एवं मुख्य परियोजना अधिकारी डाॅ. जयेंद्र सिंह ने बताया कि बिजली आधारित कनेक्शन के मौजूदा आवेदकों को सौर ऊर्जा पंप के कनेक्शन के लिए प्राथमिकता दी जाएगी। बशर्ते उनको अपने मौजूदा बिजली कनेक्शन का समर्पण करना पड़ेगा। इस वर्ष के लक्षित लाभार्थियों का चयन परिवार की वार्षिक आय और भूमि धारण के आधार पर किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि चयनित लाभार्थी सरल पोर्टल पर जाकर आवेदन करके लाभार्थी हिस्सा जमा करवा सकेंगे और लाभार्थियों को सरकार की ओर से सूचीबद्ध कंपनी का चयन भी साथ करना होगा। किसान अपने खेत के आकार, पानी के लेवल और पानी की जरूरत के अनुसार श्रेणी और पंप का चयन करें। किसान को अपने खेत में केवल बोर करवाकर देना होगा बाकी पंप स्थापना का कार्य फर्म की ओर से किया जाएगा।