संवाद न्यूज एजेंसी
हिसार। लॉ की पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों के लिए बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने इस बार कई बदलाव किए हैं। एलएलबी की पढ़ाई के दौरान उपस्थिति को लेकर बार काउंसिल ऑफ इंडिया(बीसीआई) ने काफी सख्त कदम उठाए हैं।
बीसीआई ने एलएलबी करवाने वाले सभी कॉलेजों को पत्र लिखकर 75 प्रतिशत उपस्थिति को पूरी तरह से सुनिश्चित करने पर जोर दिया है। एलएलबी में नामांकन के समय अब छात्रों को यह घोषणा करनी होगी कि वे किसी जॉब में नहीं हैं। अगर कोई छात्र किसी जॉब में हैं तो उन्हें वैलिड एनओसी देना होगी। कॉलेजों को इसकी जानकारी भी बीसीआई को देना अनिवार्य किया है। सभी जानकारी बीसीआई को कॉलेज रिपोर्ट करेंगे और बीसीआई के निर्णय के बाद ही छात्रों को अंक पत्र और डिग्री जारी की जाएगी। शहर के छाजूराम लॉ कॉलेज में एलएलबी करवाई जाती है।
सभी लॉ कॉलेज में अब छात्रों की होगी बायोमैट्रिक हाजिरी, सीसीटीवी कैमरे भी लगेंगे : बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने सभी लॉ कॉलेजों में अब छात्रों की बायोमेट्रिक हाजिरी लगेगी। इतना ही नहीं बॉयोमेट्रिक मशीन के अलावा सीसीटीवी कैमरा भी लगाना होगा। उससे छात्रों की अच्छी तरह से निगरानी भी की जाएगी। सभी लॉ कॉलेजों के लिए इसे अनिवार्य किया गया है। इसके लिए सभी लॉ कॉलेजों में इस संबंध में प्रिंसिपलों को पत्र भी भेजा गया है।
उपस्थिति बढ़ाने और सुरक्षा की दृष्टि से बार काउंसिल ऑफ इंडिया के द्वारा यह निर्णय लिया गया है। बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने एलएलबी में छात्रों की उपस्थिति पर जोर देते हुए यह निर्देश दिया हैं कि सभी छात्रों को 75% उपस्थिति सुनिश्चित करनी होगी।