अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। स्वच्छता सर्वेक्षण 2019 का परिणाम आने से पहले जिलावासियों के लिए अच्छी खबर है। क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया ने शहर को ओडीएफ प्लस घोषित कर दिया है। अब स्वच्छता सर्वेक्षण के अंकों में से 250 अंक ओडीएफ प्लस के नाम पर जुड़ जाएंगे। इस तरह इस बार पिछली बार से बेहतर स्वच्छता रैंकिंग आने की संभावना बन रही है। गौरतलब है कि स्वच्छता सर्वेक्षण से पहले नगर निकायों में सार्वजनिक शौचालयों के बेहतर हालात बनाकर उनमें सुविधाओं को बढ़ाने का लक्ष्य दिया गया था। ओडीएफ को लेकर अलग से सर्वेक्षण कराया गया। इसके बाद दिल्ली से आई टीम द्वारा शौचालयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की पड़ताल की गई।
अब ओडीएफ प्लस-प्लस के लिए होंगे प्रयास
पहले हिसार ओडीएफ घोषित हुआ। उसके बाद अब ओडीएफ प्लस हो चुका है। इससे आगे की श्रेणी ओडीएफ प्लस प्लस है, इसलिए अब अगली श्रेणी के लिए प्रयास किए जाएंगे। यह तीनों श्रेणियां भारत सरकार की ओर से बनाई गई हैं। तीनों श्रेणियों में भले ही अंक 250 ही निर्धारित किए गए हैं। मगर, तीनों श्रेणियों ओडीएफ के लिए अहम स्थान रखती है। ओडीएफ में जहां पूरा शहर खुले में शौच मुक्त होता है। ओडीएफ प्लस में छह बेस्ट शौचालयों का निरीक्षण होता है। जबकि ओडीएफ प्लस प्लस में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से अन्य व्यवस्थाओं पर फोकस किया जाता है।
कम्यूनिटी शौचालय में इन सुविधाओं की हुई व्यवस्था
सिटी टीम लीडर जसबीर कुंडू ने बताया कि नगर निगम प्रशासन द्वारा शहर के कम्यूनिटी शौचालयों में शीशा, हाथ धोने के लिए साबुन, बेहतर सफाई व्यवस्था, रात में लाइट व्यवस्था, दिव्यांगों के लिए रैंप, महिलाओं के लिए नेपकीन आदि सुविधाओं की व्यवस्था करनी होती है। निगम प्रशासन कई शौचालयों में यह व्यवस्था करने में कामयाब रहा है।
हिसार को ओडीएफ प्लस शहर घोषित कर दिया गया है। निश्चित रूप से इससे स्वच्छता रैंकिंग में फायदा होगा। करीब 250 अंक सर्वेक्षण के अंकों में जुड़ जाएंगे। शहर के अधिकांश शौचालयों में पहले से बेहतर व्यवस्था है।
- रामजीलाल, एसई, नगर निगम