अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
सांसद निधि कोष से ढाणियों में लाइट लगवाने के लिए दिए गए करोड़ों रुपयों से निगम द्वारा विभागीय शुल्क के नाम वसूले गए 40 लाख पर सांसद दुष्यंत चौटाला ने बिजली निगम अधिकारियों से जवाब मांगा। इसका दक्षिण हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम के पास कोई हिसाब-किताब नहीं मिला। सांसद निधि कोष की यह राशि किन प्रावधानों के तहत वसूली गई, बिजली निगम के अधिकारी इसका भी जवाब नहीं दे पाए। सांसद ने निगम के अधिकारियों को पांच सितंबर तक इसका जवाब देने के साथ यह राशि सांसद निधि कोष में लौटाने को कहा है, अन्यथा उनके खिलाफ विजिलेंस जांच करवाई जाएगी। यह निर्देश सांसद दुष्यंत चौटाला ने रविवार को राजगढ़ रोड स्थित दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के कार्यालय में उच्च अधिकारियों की बैठक में दिए।
सांसद ने पेंडिंग पड़े 41 कार्यों की यूसी एक सप्ताह में जारी करने का भी अल्टीमेटम दिया। इसके अलावा सांसद ने हॉकी एस्ट्रोटर्फ में नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर भी बैठक में मंथन किया। सांसद दुष्यंत ने कहा कि खिलाड़ियों को बिजली आपूर्ति की वजह से किसी प्रकार की परेशानी नहीं आनी चाहिए। यदि विद्युत की आपूर्ति निर्बाध नहीं होती होती है तो इस मुद्दे पर वह ई-दिशा की बैठक में अधिकारियों के साथ डिस्कस करेंगे।
रात को घरों में छापा मारना बंद करो
सांसद दुष्यंत चौटाला ने घरों में बिजली चोरी को लेकर अधिकारियों को रात को की जा रही छापेमारी तुरंत रोकने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रात को छापेमारी का कोई प्रावधान नहीं है, इसलिए चेकिंग रात की बजाय सुबह के समय की जाए।
किस रूप में वसूले 40 लाख
रविवार को विद्युत निगम कार्यालय में अधीक्षक अभियंता रजनीश गर्ग और अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में सांसद ने अधिकारियों से पूछा कि सांसद निधि कोष से ढाणियों के कनेक्शन को दी गई राशि में से 10 प्रतिशत डेवलपमेंट और छह प्रतिशत सुपरविजन चार्ज के रूप में 40 लाख किस नियम से वसूले गए। अधिकारी सांसद दुष्यंत के इस सवाल का कोई जवाब नहीं दे पाए और न ही सरकार की ओर जारी कोई दिशानिर्देशों का हवाला दे पाए। अधिकारी केवल डेढ़ प्रतिशत सुपरवाइजर शुल्क का हवाला दे पाए। उन्होंने सांसद निधि कोष से होने वाले कार्यों में देरी का कारण भी पूछा। सांसद के इन सवालों से निगम के अधिकारियों में करंट दौड़ गया और उन्होंने एक सप्ताह में पेंडिंग कार्यों की यूसी जारी करने का यकीन दिलवाया।
यह है मामला
दुष्यंत चौटाला ने हिसार लोकसभा क्षेत्र की ढाणियों में लाइट लगवाने के लिए करीब चार करोड़ से अधिक की राशि जारी की है और निगम ने विभिन्न शुल्कों के नाम पर करीब 40 लाख अतिरिक्त वसूल लिए। दुष्यंत ने रविवार को सरकार की ओर से ढाणियों में नए कनेक्शन देने के लिए नए निर्देशों के अनुसार सभी पुराने पेंडिंग एस्टिमेट नए सिरे से तैयार करने के भी अधिकारियों को निर्देश दिए।
फोटो -12
40 लाख की वसूली पर सांसद को जवाब नहीं दे पाए बिजली निगम के अधिकारी
बोले, पांच सितंबर तक जवाब दो, अन्यथा विजिलेंस जांच के लिए रहें तैयार