जिला बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर बार में हलचल तेज हो गई है। वीरवार को नाम वापसी और नामांकन की जांच के बाद साफ हो गया है कि इस वर्ष बार चुनाव में 702 मतदाता तीन पदों के लिए छह उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।
इस बार चुनाव वरिष्ठ अधिवक्ता नौरंग सिंह और एलडी मेहता की देखरेख में संपन्न होगा। पंजाब एवं हरियाणा बार एसोसिएशन के दिशा निर्देश पर इस बार न्यायालय में नियमित रूप से पैरवी न करने वाले अधिवक्ताओं की सदस्यता रद कर दी गई है।
साथ ही जिन अधिवक्ताओं के दो या दो से अधिक जगह पर सदस्यता है उनकी भी दूसरे जगह की सदस्यता रद कर दी गई है। इसके लिए सभी अधिवक्ताओं से एक शपथ पत्र लिया गया है।
शपथ की जांच करने के बाद यह काम किया जा रहा है। वर्ष 2014-15 में बार एसोसिएशन में कुल सदस्यों की संख्या करीब 1356 थी। वर्ष 2015-16 में बार एसोसिएशन के सदस्यों की संख्या 850 पहुंच गई। इस साल सदस्यों की संख्या 702 रह गई है।
प्रधान पद के लिए एडवोकेट रमेश मेहता और गुररतन पाल सिंह किंगरा आमने सामने हैं। उपप्रधान पद के लिए पवन बिशभनोई व भूपेंद्र खट्टर ने नामांकन दाखिल किया हुआ है।
सचिव पद के लिए अमित गोयल व अनूप सिंवर में आमने सामने की टक्कर हैं। नामांकन जांच व वापसी की वीरवार को अंतिम तिथि थी। चार दिसंबर को सुबह नौ बजे से शाम पंाच बजे तक मतदान होगा। संयुक्त सचिव के पद पर किरण कंबोज को निर्विरोध चुना गया है।