हांसी। पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनोद कुमार, आईपीएस के नेतृत्व में हांसी पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए विशेष चेकिंग एवं गश्त अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी कर 671 वाहनों की जांच की और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 148 वाहन चालकों के चालान किए।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट के 8, ओवरस्पीड के 12, एक्स्ट्रा लाइट के 3 और नो पार्किंग के 7 चालान किए गए।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को नियमों की जानकारी देने के साथ जागरूक किया कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही चालक के साथ अन्य वाहन चालकों और राहगीरों के लिए भी गंभीर खतरा बन सकती है। पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, स्पष्ट व नियमानुसार नंबर प्लेट रखने तथा निर्धारित स्थान पर ही वाहन पार्क करने की अपील की। साथ ही अनावश्यक या तेज रोशनी वाली एक्स्ट्रा लाइट लगाने से बचने को कहा।
गश्त के साथ अपराध नियंत्रण पर नजर
यातायात व्यवस्था के साथ अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा के लिए भी पुलिस लगातार गश्त कर रही है। पैदल गश्त, राइडर, पीसीआर, थाना मोबाइल और अन्य पुलिस वाहनों से संवेदनशील व प्रमुख स्थानों पर निगरानी रखी जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए आवश्यकतानुसार वाहनों और व्यक्तियों की जांच की जा रही है।