अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। धनतेरस पर सोमवार को बाजारों में जबरदस्त रौनक दिखी। बर्तन से लेकर ज्वेलरी शॉप पर भारी भीड़ लगी रही। इसके अलावा कपड़ों की दुकानों पर भी जमकर खरीदारी हुई। चांदी के सिक्कों की भी खूब मांग रही। महंगाई के बावजूद लोगों ने धनतेरस पर खरीदारी में खूब दिलचस्पी दिखाई। वाहनों की एजेंसियों के शोरूमों पर भी खूब आवाजाही रही। लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों के साथ भगवान के वस्त्रों की भी खरीदारी की गई। धनतेरस के पूर्व ही बर्तनों की दुकानों को सजाने का कार्य शुरू हो गया था। बर्तन दुकानदारों ने दुकानों के बाहर तक दुकान लगाकर भरपूर कमाई की। शाम होते-होते भीड़ इतनी ज्यादा बढ़ गई कि दुकानदार ग्राहकों को संतुष्ट कर पाने में परेशान दिखे। कारोबारियों की मानें तो धनतेरस पर ज्वेलरी व बर्तनों से संबंधित शहर में 300 करोड़ रुपये से भी अधिक का कारोबार हुआ है।
इलेक्ट्रॉनिक्स आइटमों की भी रही खूब मांग
राजगुरु मार्केट, पूजा मार्केट, आर्य समाज मंदिर मार्केट, बिश्नोई मार्केट के अलावा अन्य बाजारों में भी दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। बिश्नोई मंदिर के सामने बनी इलेक्ट्रॉनिक्स मार्केट में भी इलेक्ट्रॉनिक आइटमों की खरीदारी पर लोगों ने खूब जोर दिया। एलईडी, लैपटॉप से लेकर चाइनीज लड़ियों की खूब बिक्री हुई। बिजली की दुकानों को रंग-बिरंगी लड़ियों से सजाए रखा।
भीड़ बढ़ने से फेल हो गई मार्केट की पूरी व्यवस्था
मुख्य बाजारों में भीड़ बढ़ने के कारण बनाई गई पूरी व्यवस्था फेल हो गई। चौपहिया वाहनों की एंट्री पर पाबंदी के बावजूद लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। दोपहिया वाहन चालकों को भी एक बार बाजार में घुसने के बाद वापस निकलने में खूब जद्दोजहद करनी पड़ी। ज्यादातर लोग पैदल ही मार्केट में घूमते रहे। अव्यवस्थित तरीके से आवागमन होने और सड़क पर ही दुकानें सजने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह बाधित रही। एक मार्केट से दूसरी मार्केट में जाने में एक से डेढ़ घंटे का समय लग गया।