अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। सतलोक आश्रम प्रकरण के दौरान देशद्रोह, मारपीट, सरकारी कार्यों में बाधा पहुंचाने सहित अन्य मामलों में सोमवार को आश्रम संचालक रामपाल व उसके अनुयायियों की हिसार सेंट्रल जेल-एक में कोर्ट में पेशी हुई। यह पेशी बरवाला थाने में दर्ज केस नंबर 428 के तहत हुई। सुनवाई के दौरान एक चिकित्सक की गवाही भी हुई। सुनवाई के बाद कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 20 अगस्त की तारीख तय की है। वहीं हर बार की तरह सोमवार को भी रामपाल की पेशी के चलते हजारों की संख्या में उसके समर्थक कैंप चौक से लेकर डाबड़ा चौक तक के अलग-अलग हिस्सों में एकत्रित रहे। इससे वाहनों की आवाजाही में परेशानी हुई। ट्रैफिक पुलिस के छह कर्मचारियों को डाबड़ा चौक पुल के दोनों तरफ ट्रैफिक कंट्रोल करने के लिए मशक्कत करनी पड़ी।
आज भी होगी सुनवाई
सुबह देशद्रोह मामले में पेशी को लेकर जेल के आसपास सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए। पेशी के लिए रामपाल की वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये हाजिरी लगी। वहीं अन्य 900 से ज्यादा आरोपियों को जेल में लगी अदालत के समक्ष पेश किया गया। जमानत पर रिहा आरोपी सुबह ही जेल के बाहर पहुंच गए थे। इन सभी की जांच की गई। जेल में लगी अदालत में चिकित्सक संदीप कुमार की गवाही हुई। गौरतलब है कि यह केस अदालत में विचाराधीन है। इस मामले में फिलहाल गवाहियां चल रही है। पिछली तारीख पर भी गवाही हुई थी। अब मंगलवार को आश्रम संचालक रामपाल की बरवाला थाने में दर्ज केस नंबर 443 के तहत सुनवाई होगी। यह मामला आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत दर्ज हुआ था। इस मामले में अकेले रामपाल पर ही केस दर्ज किया गया था।