अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
लगातार चौथे दिन तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार रहा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। भीषण गर्मी के चलते जिला प्रशासन ने शुक्रवार को स्कूलों के समय में बदलाव किया। शनिवार से जिले के स्कूल सुबह सात से दोपहर 12 बजे तक लगेंगे।
दोपहर के समय चलने वाली लू से राहत नहीं मिल पा रही। पिछले चार दिन से तापमान लगातार 45 डिग्री सेल्सियस से 46 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया जा रहा है। दोपहर की तपिश से लोगों का बुरा हाल है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 21 मई से लगातार दोपहर के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। अगले तीन दिन इसी तरह तापमान में उछाल रहेगा। 29 मई को मौसम में बदलाव होने की संभावना है, जिससे तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है। भीषण गर्मी का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। स्कूलों में दोपहर एक से लेकर ढाई बजे के बीच छुट्टी हो रही है। इसके बाद बच्चे डेढ़ से तीन बजे के बीच घर पहुंचते हैं। यह वह समय होता है जब सूर्य सबसे अधिक आग उगल रहा होता है।
तापमान का रिकॉर्ड
तारीख -- तापमान
21 मई--- 43.4
22 मई--- 45.5
23 मई---- 45.1
24 मई--- 45.6
25 मई--- 45.4
निजी स्कूलों पर भी लागू होगा नियम
उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने जिले में स्थित सभी सरकारी और निजी विद्यालयों का समय बदलकर सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित किया है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को बढ़ती गर्मी से बचाने के लिए सेकेंडरी शिक्षा निदेशालय के फैसले के अनुरूप जिले के सभी सरकारी, प्राइवेट और एडिड विद्यालय 26 मई से सुबह 7 बजे खुलेंगे और दोपहर 12 बजे बंद होंगे। जिला शिक्षा अधिकारी व जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी को इन नियमों की अनुपालना सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए हैं।
अगले तीन दिन इस तरह गर्मी का असर रहेगा। 29 मई को धूलभरी हवाएं चलने और बूंदाबांदी के आसार हैं। इसके बाद तापमान में तीन से चार डिग्री गिरावट आने की उम्मीद है। 30 मई को भी आसमान में बादल रहेंगे। 31 मई से मौसम फिर से साफ हो जाएगी।
-डॉ. राज सिंह, एचओडी, मौसम विभाग, एचएयू हिसार