अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सेक्टरवासियों के लिए परेशानी का सबब बन चुकी इन्हांसमेंट का 15 दिन में समाधान निकालने का भरोसा दिलाया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि सात दिन में एन्हांसमेंट को लेकर वे अधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे। इसके बाद प्रदेश भर के रेजिडेंशियल वेलफेयर एसोसिएशनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर उचित समाधान कर दिया जाएगा।
सोमवार को विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने हिसार आए मुख्यमंत्री मनोहर लाल से जिला आरडब्ल्यूए एसोसिएशन के पदाधिकारी एचएयू के फैकल्टी हाउस में मिले। उन्होंने एन्हांसमेंट की समस्या मुख्यमंत्री के समक्ष रखी।
मुझे पता है, सेक्टरवासियों की परेशानी बढ़ी हुई है...
मुख्यमंत्री ने एसोसिएशन पदाधिकारियों के साथ बातचीत में कहा कि उन्हें अच्छी तरह पता है कि एन्हांसमेंट के कारण सेक्टरवासियों की परेशानी बढ़ी हुई है। वे खुद इस बारे में गंभीरता से फीडबैक ले रहे हैं। इसलिए आने वाले सात दिनों में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ इस मुद्दे पर बारीकी से हर पहलू को समझते हुए बातचीत करेंगे, जिससे उचित व स्थायी समाधान निकाला जा सके। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रदेश भर के सेक्टरवासियों को 15 दिन में एन्हांसमेंट की समस्या से छुटकारा दिलाने का प्रयास करेंगे।
लगातार संघर्ष कर रहे हैं सेक्टरवासी
मुख्यमंत्री से मिलने गए आरडब्लयूए एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष दलबीर किरमारा, त्रिलोक बंसल, कुलदीप वत्स, जितेंद्र श्योराण, किताब सिंह पूनिया, सुजान सिंह बैनीवाल, प्रवीन जैन, सुभाष जैन, चंद्र रेहडू, बलवंत बूरा, बलबीर ढांडी आदि ने उन्हें बताया कि पूरे प्रदेश के लोग एन्हांसमेंट से तंग है। लोगों पर 25-25 लाख रुपये तक एन्हांसमेंट डाल दी गई है। इसलिए बैठक बुलाकर समाधान करवाओ। एसोसिएशन के नेतृत्व में सेक्टरवासी लगातार इन्हांसमेंट के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं। एसोसिएशन पदाधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री का रवैया इस मुद्दे पर पूरी तरह सकारात्मक रहा है। उन्हें पूरी उम्मीद है कि 15 दिन में मुख्यमंत्री अपने कथन के अनुसार समस्या का समाधान करवा देंगे।