अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
सीएम मनोहर लाल सम्मेलन के जरिये प्रदेश भर के चौकीदारों को लुभाएंगे। चौकीदारों का यह प्रदेशस्तरीय सम्मेलन दो अप्रैल को हिसार में राजकीय महिला महाविद्यालय के मैदान में होगा। इसके लिए मंडल आयुक्त को जिम्मा सौंपा गया है। मंडल आयुक्त इस सम्मेलन के लिए नोडल ऑफिसर नियुक्त किए गए हैं।
हरियाणा में चौकीदार सम्मेलन सरकारी खर्च पर होगा। सीएम की ओर से इस बारे में आदेश जारी किए गए हैं। चौकीदारों के सम्मेलन में प्रदेश के सभी 22 जिलों से चौकीदार आएंगे। प्रदेशभर में करीब 6200 से अधिक चौकीदार हैं। हर गांव के चौकीदार को सम्मेलन के लिए न्योता भेजा जाएगा। चौकीदारों को गांव से सम्मेलन स्थल तक लाने के लिए सरकार की ओर से वाहन की व्यवस्था की जाएगी। इसका खर्च प्रदेश सरकार की ओर से ही दिया जाएगा। रोडवेज की बसों को चौकीदार सम्मेलन के लिए दिया जाएगा।
सीएम देंगे वर्दी, लाठी, बैटरी समेत कुछ अन्य तोहफे
सम्मेलन में सीएम चौकीदारों को वेतन बढ़ोतरी का तोहफा दे सकते हैं। इसके अलावा चौकीदारों को वर्दी, लाठी, बैटरी सहित कुछ अन्य सुविधाएं दी जा सकती हैं। पूर्व की भूपेंद्र सिंह हुड्डा सरकार ने भी चौकीदारों का सम्मेलन आयोजित किया था।
राजकीय महिला महाविद्यालय मैदान में जुटेंगे चौकीदार
आयोजन के लिए राजकीय महिला महाविद्यालय के मैदान को चुना गया है। यहां खुले मैदान में टेंट लगाया जाएगा। चौकीदारों के खाने का प्रबंध भी किया जाएगा। इसके लिए सभी को पैक लंच दिया जाएगा।
गो चिकित्सालय का भी करेंगे उद्घाटन
दो बजे सीएम हिसार में बने गो चिकित्सालय का उद्घाटन करेंगे। श्री कुरुक्षेत्र गोशाला की ओर से यह गो चिकित्सालय बनाया गया है। यह पहला गो चिकित्सालय है, जिसमें सैकड़ों पशुओं को उपचार एक साथ हो सकेगा।
पंजाबी धर्मशाला की आधारशिला भी रखेंगे
सीएम दो अप्रैल को सेक्टर-14 में पंजाबी धर्मशाला के भवन की आधारशिला भी रखेंगे। इसके अलावा पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में कुछ देर के लिए ठहरेंगे। इसके बाद वापस एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे।