सेक्टर-16-17 में साउथ बाईपास-सिविल लाइन मार्ग पर वीरवार शाम तेज स्पीड में जा रही एक स्विफ्ट डिजायर कार गाय को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गई। कार अनियंत्रित होने के बाद फुटपाथ से टकराकर 10 फुट तक उछलकर पेड़ से टकराकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार चालक दिल्ली रोड के राजेंद्रा एनक्लेव के 18 वर्षीय सार्थक कालड़ा की मौत हो गई। वह अर्बन एस्टेट के एक स्कूल का 12वीं का छात्र और मां-बाप का इकलौता बेटा था।
राजेंद्रा एनक्लेव के भूपेंद्र कालड़ा राजगुरु मार्केट में दुपट्टों की दुकान चलाते हैं। उनका इकलौता बेटा सार्थक वीरवार शाम साढे़ चार बजे साउथ बाईपास की तरफ से ट्यूशन पढ़कर कार में सिविल लाइन थाने की तरफ आ रहा था। रास्ते में सरकारी स्कूल के पास एक गाय सड़क के बीच में आ गई। सार्थक ने गाय बचाने का प्रयास किया तो कार बाएं फुटपाथ पर चढ़कर करीब 10 फुट उछलकर एक पेड़ से जा टकराई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पेड़ की छिली हुई छाल और कार की हालत देखकर हादसा दर्दनाक होने का अंदाज लगाया जा सकता था। सूचना मिलने पर सिविल लाइन से हेड कांस्टेबल कृष्ण कुमार, हेड कांस्टेबल शेरसिंह, नेहरा सिंह, अन्य पहुंचे। तब तक राहगीरों का जमावड़ा लग चुका था। राहगीर एक एंबुलेंस में छात्र को सेक्टर-16-17 के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने सूचना मिलने पर शव कब्जे में ले लिया। हेड कांस्टेबल नेहरा सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम शुक्रवार को सिविल अस्पताल में किया जाएगा और इस बारे में इत्तफाकिया कार्रवाई की है।