हिसार। दिल्ली बाईपास स्थित हरियाणा कुरुक्षेत्र गोशाला परिसर में परिवार के साथ रहने वाली 5वीं कक्षा की छात्रा ने सोमवार सुबह फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय घर पर कोई नहीं था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। पिता के बताया कि बेटी दिमागी रूप से परेशान थी। पुलिस ने परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार मूलरूप से पश्चिम बंगाल का रहने वाला नेपाल ने बताया कि वह कुछ समय से हरियाणा कुरुक्षेत्र गोशाला परिसर में परिवार के साथ रह रहा है। वह गोशाला के अंदर ही काम करता है। उसकी बड़ी बेटी 13 वर्षीय संगीता पांचवीं कक्षा में पढ़ती थी। वह दिमागी रूप से परेशान चल रही थी। सोमवार को वह पत्नी के साथ गोशाला में काम करने चला गया। इस दौरान बेटा बाहर खेल रहा था। कमरे में बेटी ने चुन्नी के जरिये पंखे पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। जांच अधिकारी मनप्रित ने बताया कि किशोरी के परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई है। किशोरी काफी समय से दिगामी रूप से परेशान बताई जा रही है।