हांसी। यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने एवं सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से रविवार रात को विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 593 वाहनों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 117 चालान किए गए।
इस अभियान के तहत शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों, बाजारों, मुख्य सड़कों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस टीमों की तरफ से सघन जांच की गई। बिना नंबर प्लेट के 13 और ओवरस्पीड के 10 चालान किए गए। इस दौरान पुलिस द्वारा वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया। उन्हें हेलमेट, सीट बेल्ट, वैध दस्तावेज रखने एवं सुरक्षित ड्राइविंग के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
सभी वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें। हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें व निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं।