अमर उजाला ब्यूरो
बालसमंद (हिसार)।
हरियाणा बोर्ड द्वारा दसवीं और बारहवीं की परीक्षाएं बुधवार से शुरू हो रही हैं। इनमें हिसार जिले से करीब 43 हजार परीक्षार्थी भाग लेंगे। परीक्षा के लिए बोर्ड और जिला शिक्षा विभाग द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। परीक्षा को लेकर जिले में धारा 144 लागू की गई है। परीक्षा केंद्रों के पास 100 मीटर तक की दूरी में सभी फोटोस्टेट की दुकानें बंद रहेंगी। एसडीएम और बीईओ की निगरानी में पेपर को हेड ऑफिस से स्कूलों तक भेजा जाएगा। अगर कहीं भी चूक होती है तो एसडीएम और बीईओ से जवाब मांगा जाए। सेंटर तक पेपर पहुंचने के बाद सुपरिंटेंडेंट से जवाब मांगा जाएगा। परीक्षा में नकल रोकने के लिए ऑब्जर्वर तीन घंटे तक परीक्षा सेंटर पर मौजूद रहेंगे। परीक्षा के दौरान ड्यूटी देने वाले सभी शिक्षकों को मोबाइल सेंटर पर ही जमा करवाने होंगे।
नकल पर सात फ्लाइंग टीमें रखेंगी निगरानी
हरियाणा बोर्ड की फ्लाइंग, डीईओ की फ्लाइंग, प्रश्न पत्र की फ्लाइंग, बोर्ड की स्पेशल फ्लाइंग, डीईईओ की फ्लाइंग, डीसी की फ्लाइंग और सेक्रेट्रिएट की स्पेशल फ्लाइंग नकल रहित परीक्षा करवाने के लिए निगरानी करेगी।
138 सुपरिंटेंडेंट और 50 रिजर्व सुपरिंटेंडेंट संभालेंगे कमान
हिसार जिला प्रशासन की ओर से सोमवार को 138 सुपरिंटेंडेंट और 50 रिजर्व सुपरिंटेंडेंट की मीटिंग कर सभी को आवश्यक दिशानिर्देश जारी कर दिए गए हैं। अगर कोई भी सुपरिंटेंडेंट या रिजर्व सुपरिंटेंडेंट की ड्यूटी में कोताही बर्दास्त नही की जाएगी।
जिले से ये परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
10वीं से 9215 छात्र और 10914 छात्राएं परीक्षा देंगे। 12वीं में 11069 छात्र और 11878 छात्राएं परीक्षा देंगी।