अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
जिले में डेंगू का प्रकोप बढ़ रहा है। हर रोज 20 मरीजों की पुष्टि हो रही है। पिछले दो दिनों में डेंगू के 40 केस पॉजिटिव आए हैं। जिले में अब डेेंगू के मरीजों की संख्या 84 से बढ़कर 120 हो गई है। हालांकि मलेरिया मच्छर का डंक कमजोर पड़ गया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मलेरिया के मरीज आने कम हो गए हैं। फिलहाल स्वाइन फ्लू, डेंगू के मरीज ही पहुंच रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग की टीम डेंगू के मरीजों का रिहायश अथवा उनकी लोकेशन ट्रेस कर रही है। मॉडल टाउन, न्यू मॉडल टाउन एक्सटेंशन, आजाद नगर, 12 क्वार्टर रोड एरिया, सूर्य नगर एरिया में डेंगू के मरीज ज्यादा हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि ग्रामीण एरिया में कम बल्कि शहरी इलाके में अधिक मरीज सामने आ रहे हैं। कुल मरीजों में आधे से ज्यादा की संख्या उन लोगों की है, जो शहरों में रह रहे हैं।
पानी जमा होना यानी डेंगू-मलेरिया की दस्तक
जिला मलेरिया अधिकारी डॉक्टर जया गोयल की माने तो डेंगू-मलेरिया का मच्छर जमा पानी में पैदा होता है। जहां पानी जमा हो गया यानी डेंगू-मलेरिया का दस्तक दे दी। जिन एरिया में डेंगू के मरीज सामने आ रहे हैं, वहां पानी खड़ा रहने की समस्या है। हालांकि बड़े स्तर पर काफी समय से लोगों को जागरूक करने का अभियान चलाया हुआ है। इसके अलावा खड़े पानी में दवाइयां और मछलियां भी डाली जा रही है, लेकिन फिर भी डेंगू के लार्वा बन रहे हैं।
दिए जा चुके 15 सौ लोगों को नोटिस
जिला मलेरिया अधिकारी डॉक्टर जया गोयल का कहना है कि डेंगू और मलेरिया पर अंकुश लगाने के लिए छह महीने जिले में जागरूकता अभियान चलाया हुआ है। कई टीमें बनाई हुई हैं, जो घर-घर जाकर लोगों को जागरूक कर रही हैं। इसके अलावा जिन लोगों के घरों में डेंगू के लार्वा मिल रहे हैं, उन्हें चेतावनी नोटिस दिए जा रहे हैं। अभी तक 15 सौ से अधिक लोगों को नोटिस जारी कर चुके हैं। शहर में फॉगिंग का काम भी जारी है।