अमर उजाला ब्यूरो
हिसार
डेरा प्रमुख मामले को लेकर बस सेवा भी पूरी तरह से ठप रही। रोडवेज ने कोई बस डिपो से बाहर नहीं निकाली। मुख्यालय ने 27 अगस्त शाम तक कोई भी बस डिपो से बाहर न निकालने के आदेश दिए हैं। रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि इसके बाद की स्थिति बाद में साफ होगी। अभी तक मुख्यालय से रविवार तक बस सेवा बंद करने के निर्देश हैं।
दो दिन में रोडवेज को 30 लाख का घाटा
रोडवेज को दो दिन के अंदर 30 लाख रुपये का घाटा लगा है। रोडवेज को हर दिन 15 लाख रुपये का घाटा लग रहा है। यह घाटा करीब 60 लाख रुपये तक होने का अंदेशा है। जब तक राम रहीम को कोर्ट सजा नहीं सुना देती तब तक स्थिति साफ नहीं हो पाएगी।
कंडम बसों को दीवार से हटवाया दूर
रोडवेज ने किसी भी अनहोनी के अंदेशे को देखते हुए कंडम बसों को वर्कशॉप में रोड के साथ लगती दीवार के साथ से हटवा दी है। रोडवेज प्रबंधन ने ये बसें दीवार से करीब 20 फुट की दूरी पर खड़ी करवाई है। इसको लेकर क्रेन की सहायता लेनी पड़ी। जीएम खूबीराम ने वर्कशॉप की साफ-सफाई भी करवा दी, ताकि दीवार की तरफ से निगरानी की जा सके।
हमारे कर्मचारियों की 24 घंटे की ड्यूटी बस स्टैंड पर ही लगी हुई है। कर्मचारियों ने बस स्टैंड की आंतरिक सुरक्षा का जिम्मा उठाया हुआ है। रात को रुकने का बंदोबस्त भी बस स्टैंड पर ही कर लिया गया है। -खूबीराम कौशल, जीएम रोडवेज