अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
हिसार के कैमरी रोड पर स्थित ढाणियों में रहने वाले लोगों का पोल्ट्री फार्म और हैचरी होने के कारण लोगों का जीना दुश्वार हो गया है। इन ढाणियों में करीब 70 परिवार रहते हैं। पोल्ट्री फार्म और हैचरी होने के कारण मक्खी, मच्छरों की तादाद काफी बढ़ चुकी है। घरों में मक्खी-मच्छरों का इस कदर प्रकोप बढ़ गया है कि इन ढाणियों में रहने वाले लोगों के रिश्तेदारों ने भी कन्नी काटना शुरू कर दिया है। लोगों का कहना है कि अब रिश्तेदार भी हमारे घर आने में कतराने लगे हैं।
मक्खी-मच्छरों के कारण ढाणियों में रहने वाले लोग बीमार होने लगे हैं। यहां लोगों ने बर्ड फ्लू फैलने की आशंका जताई है। इन ढाणियों में कुत्ते मरे हुए मुर्गे खेतों और उनके घरों में छोड़ जाते हैं। पोल्ट्री फार्म खेतों के नजदीक होने के कारण खेती में भी असर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री, जिला प्रशासन और सीएमओ से मांग की है कि यहां से पोल्ट्री फार्म हटवाया जाए और मक्खी-मच्छरों से होने वाली बीमारी की रोकथाम के लिए दवाइयों का छिड़काव किया जाए, अन्यथा उन्हें आंदोलन करने पर मजबूर होना पडे़गा। ग्रामीणों ने इस मामले की शिकायत स्वास्थ्य विभाग को की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री, जिला उपायुक्त व सीएमओ को शिकायत पत्र देकर पोल्ट्री फार्म और हैचरी हटवाने की मांग की है।
30 सेकेंड में चाय पर आ जाती हैं सैकड़ों मक्खियां
कैमरी की ढाणी में रहने वाले कृष्ण, सुरेंद्र, ओम, वेद प्रकाश, नरेंद, संदीप, कुलदीप, चंद्रभान, रवि, राजपाल, राय सिंह राममेहर, लीलू राम, देवीलाल, हरिसिंह, शमशेर, महादेव, भरत सिंह, सतबीर, गोपी राम, हनुमान, सतबीर, दर्शना, सचिना, राममूर्ति, संतरो, सलोचना, बिशमा ने डीसी को दिए ज्ञापन में लिखा कि कैमरी ढाणी में सैकड़ों लोग रह रहे हैं। यहां पोल्ट्री फार्म और हैचरी होने के कारण उनको दिक्कतें आ रही हैं। मक्खी-मच्छरों और बदबू से काफी परेशानी है। मक्खियां इतनी तादाद में हो गई हैं कि अगर एक कप चाय बनाकर 30 सेकेंड रख दी जाए तो उस पर ढेर सारी मक्खियां मंडरा जाती हैं।
आटा भी नहीं गुथ पातीं महिलाएं
महिलाओं को खाना बनाने, आटा गुथते समय भारी दिक्कत होती हैं, खाने में मक्खियां गिर जाती हैं और पशुओं को चारा डालते समय भी मक्खियों की तादात काफी हो जाती है और पशु भी मक्खी मच्छरों को खा जाते हैं। इन पशुओं से निकला दूध उन्हें पीना पड़ता है, जिसके कारण वे लोग बीमार हो जाते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि एक बुजुर्ग भी गंभीर हालत में घर पर बीमार पड़ा हुआ है, जिसकी दयनीय हालात है। उनकी प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री, डीसी, सीएमओ से मांग है कि कैमरी की ढाणियों से पोल्ट्री फार्म और हैचरी हटवाई जानी चाहिए, क्योंकि यहां काफी संख्या में लोग रहते हैं।
फोटो 19 से 21
- कैमरी की ढाणी में रहने वाले लोगों ने पोल्ट्री फार्म और हैचरी हटवाने की उठाई मांग
लोगों का आरोप, स्वास्थ्य मंत्री, डीसी, सीएमओ को दे चुके शिकायत, फिर भी सुनवाई नहीं