हिसार। शहर के जिंदल मॉडर्न स्कूल में बनाए जाने वाले 500 बेड के अस्थायी अस्पताल के निर्माण पर करीब 18.50 करोड़ रुपये की लागत आएगी, जो कंपनी इसका निर्माण करेगी, उसके साथ छह माह का करार किया गया है। इसके बाद अगर करार बढ़ाया जाता है तो कंपनी को प्रति माह दो करोड़ रुपये का भुगतान करना होगा।
बता दें कि बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए हिसार में डीआरडीओ की तरफ से 500 बेड का अस्थायी अस्पताल का निर्माण करवाया जा रहा है। इसका निर्माण बीएंडआर की देखरेख में करवाया जाएगा।
240 बेड का प्रबंध होगा खुले में टेंट के नीचे
इस अस्पताल में कुल 500 बेड की व्यवस्था की जाएगी। इनमें 240 बेड की व्यवस्था खुले में टेंट लगाकर की जाएगी, जबकि बाकी के बचे हुए 260 बेड की व्यवस्था स्कूल परिसर के अंदर की जाएगी। उधर, इस अस्पताल को ऑक्सीजन की आपूर्ति जिंदल स्टेनलेस कंपनी की तरफ से की जाएगी।
निर्माण कंपनी ही करेगी रखरखाव
छह माह तक अस्पताल के रखरखाव की जिम्मेदारी भी अस्पताल का निर्माण करने वाली कंपनी की ही होगी। इस दौरान अस्पताल के साफ-सफाई से लेकर अस्पताल से निकलने वाले कूड़े के निष्पादन का काम उक्त कंपनी ही करेगी। इस अस्थायी अस्पताल में चिकित्सकों के भी लिए सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी।
स्कूल में सामान पहुंचना हुआ शुरू
उधर, अस्पताल के निर्माण को लेकर स्कूल में सामान पहुंचना शुरू हो गया है। बुधवार को उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी स्कूल का दौरा कर सकती हैं। सरकार व जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि यह अस्पताल जल्द से जल्द बनकर तैयार हो, ताकि कोरोना मरीजों को यहां इलाज मिल सके।