हिसार। जिला प्रशासन ने 5 मरीजों की ऑक्सीजन की कमी के कारण हुई मौत के बाद सोनी बर्न अस्पताल को कोविड अस्पताल की सूची से बाहर कर दिया है। अस्पताल में भर्ती मरीजों की हालत में सुधार के बाद कोविड के मरीजों को यहां से दूसरे अस्पतालों में स्थानांतरित किया जाएगा अस्पताल में हुई मौत के मामलों की जांच एसडीएम जगदीप सिंह की अध्यक्षता वाली कमेटी करेगी।
जिला प्रशासन ने मंगलवार को सोनी बर्न अस्पताल को कोविड की सूची से बाहर कर दिया है। प्रशासन ने हरियाणा मानवाधिकार आयोग के नोटिस के बाद अस्पताल प्रशासन की लापरवाही के मामले में जांच कमेटी गठित कर दी है। एसडीएम जगदीप सिंह की अध्यक्षता वाली कमेटी इस मामले की जांच करेगी। जिला प्रशासन ने इस अस्पताल में भर्ती कोविड मरीजों को दूसरे अस्पतालों में स्थानांतरित करने के निर्देश भी जारी किए हैं। चिकित्सकों की टीम इस अस्पताल में भर्ती 9 मरीजों को दूसरे अस्पतालों में स्थानांतरित करेगी। प्रशासन से मिली रिपोर्ट के अनुुसार प्राथमिक जांच में अस्पताल में प्रशासन ने क्षमता से अधिक संख्या में मरीजों को हुआ था। जिस कारण यह दिक्कत आई। अस्पताल के पास ऑक्सीजन लाने के लिए वाहन की सुविधा भी नहीं थी। इसके अलावा अस्पताल प्रबंधन के पास ऑक्सीजन सिलिंडर की संख्या भी कम रही। बता दें कि सोनी बर्न अस्पताल में सोमवार को ऑक्सीजन की कमी के कारण 5 लोगों की मौत हो गई थी।